‘राहुल गांधी भारतीय राजनीति का बिगड़ैल बच्चा ’

Friday, Sep 25, 2015 - 08:24 PM (IST)

बेंगलुरू : भाजपा ने आज राहुल गांधी को भारतीय राजनीति का ‘‘बिगड़ैल बच्चा’’ करार दिया और कहा कि कांग्रेस उनके समग्र नेतृत्व में ‘‘पूरी तरह से गैरजिमेदार तरीके’’ से व्यवहार कर रही है। भाजपा प्रवक्ता एम.जे. अकबर ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम गैर जिम्मेदार व्यवहार का एक स्वरूप देख रहे हैं चाहे वह कर्नाटक में हो, जहां वह सत्ता में है या दिल्ली में जहां वह विपक्ष में है। वह राहुल गांधी के समग्र नेतृत्व में पूरी तरह से गैर जिम्मेदार तरीके से व्यवहार कर रही है।’’ अकबर ने इसके साथ ही कहा कि गांधी देश में ‘‘गुमराह करने वालों में सबसे प्रमुख’’ हो गए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी भारतीय राजनीति के बिगड़ैल बच्चे हैं। 
 
उनके पास कोई सच्चाई नहीं है, उनके पास कोई अनुभव नहीं है और प्रत्येक दिन इस बात के और सबूत सामने आते हैं कि एक नेता बनने के प्रयास की बजाय वह भारत में ‘‘गुमराह करने वालों में सबसे प्रमुख बन गए हैं।’’  उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह लोगों को उनके (राहुल के) विदेशी यात्राओं के मुद्दे पर भी गुमराह कर रही है। अकबर ने कहा कि उन्होंने ‘‘अंतरात्मा की मनगढ़ंत कहानी’’ बनायी जिसका कभी अस्तित्व ही नहीं था। उन्होंने कहा, ‘‘वे सोचते हैं यह भारत में हम सभी की इंटरनेट तक कोई पहुंच नहीं है, सूचना तक कोई पहुंच नहीं है, वे मूर्खता के किस विश्व में जी रहे है।’’ 
 
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत की आरक्षण पर टिप्पणी से बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा की संभावनाओं को नुकसान होने की संभावनाओं के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि उस टिप्पणी को ‘‘गलत समझा गया और गलत अर्थ’’ निकाला गया, विशेष तौर पर नीतीश कुमार और लालू प्रसाद द्वारा। 
Advertising