पूरे राजकीय सम्मान के साथ होगा डालमिया का अंतिम संस्कार: ममता बनर्जी

Monday, Sep 21, 2015 - 08:38 AM (IST)

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीसीसीआई अध्यक्ष जगमोहन डालमिया के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि खेल प्रशासकों के बीच उनका दर्जा काफी बड़ा था। मुख्यमंत्री ने यह ऐलान भी किया कि डालमिया का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। ममता ने फेसबुक पर लिखा, ‘‘मैं इस बात से काफी दुखी हूं कि डालमिया जी नहीं रहे। खेल प्रशासकों के बीच उनका दर्जा काफी ऊंचा था, बंगाल को प्यार करने वाले सच्चे इंसान। उनके निधन ने खेल जगत में अपूरणीय रिक्त-स्थान पैदा कर दिया है।

शोकाकुल परिवार एवं मित्रों को मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।’’  ममता ने बी.एम. बिड़ला अस्पताल, जहां गत शाम डालमिया का निधन हुआ, में कहा, ‘‘हम डालमिया का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ करेंगे। वह एक धरोहर थे।’’ पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केसरीनाथ त्रिपाठी ने भी 75 साल के डालमिया के निधन पर शोक व्यक्त किया।

डालमिया को एक कुशल प्रशासक करार देेते हुए त्रिपाठी ने कहा, ‘‘उनका निधन क्रिकेट के खेल के लिए बड़ी क्षति होगी।’’  राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा, ‘‘उनके परिवार के सदस्यों एवं मित्रों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।’’

Advertising