लालू को झटके पर झटका: मुलायम के बाद राजद उपाध्यक्ष रघुनाथ झा ने छोड़ा साथ

Thursday, Sep 03, 2015 - 03:42 PM (IST)

पटना:  गठबंधन के सहयोग से विधानसभा चुनाव जीतने का ख्वाब देख रहे राजद सुप्रीमों लालू प्रसाद यादव को एक और बड़ा झटका लगा है। राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुनाथ झा ने गुरुवार को पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। इससे पहले राजद और जदयू को उस समय तगड़ा झटका लगा जब महागठबंधन में शामिल समाजवादी पार्टी ने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में अकेले लडऩे का ऐलान कर दिया। सपा सुप्रीमों मुलायम सिंह ने महागठबंधन द्वारा मात्र 5 सीट दिए जाने से नाराज चल रहे थे और आज उन्होंने औपचारिक रूप से इसकी घोषणा कर दी और चुनाव बिना गठबंधन के लडऩे का ऐलान किया। हालांकि उनकी पार्टी कितने सीटों पर चुनाव लड़ेगी इसकी घोषणा करना अभी बाकी है। 

सपा का दामन थामेंगे रघुनाथ-
झा ने यहां लखनऊ से लौटने के बाद बताया कि राजद में उनके और उनके समर्थकों की हो रही लगातार उपेक्षा के कारण उन्होंने पार्टी छोडऩे का निर्णय लिया है। इस संबंध में राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को पत्र के माध्यम से जानकारी दे दी गई है। पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि उनकी बातचीत समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख मुलायम सिंह यादव से हुई है और वह अपने समर्थकों के साथ सपा में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि सपा कार्यकारिणी की बैठक लखनऊ में चल रही है, जिसमें सपा के महागठबंधन से अलग होने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया जा रहा है।
Advertising