जदयू-राजद-कांग्रेस-सपा महागठबंधन कुशासन व भ्रष्टाचार का गठबंधन है : नकवी

Monday, Aug 31, 2015 - 10:48 PM (IST)

बिहार: केन्द्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने आगामी सितंबर-अक्तूबर में संभावित बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर जदयू-राजद-कांग्रेस-सपा के बीच हुए महागठबंधन को कुशासन व भ्रष्टाचार का गठबंधन बताते हुए आज आरोप लगाया कि ये दल घोटालों और भ्रष्टाचार के साम्राज्य को जिंदा रखने के लिए एकजुट हुए हैं।  

 
किशनगंज के समीप पांजीपाडा में आज एक जनसभा को संबोधित करते हुए नकवी ने कहा, ‘‘जदयू-राजद-कांग्रेस-सपा के बीच हुआ महागठबंधन, कुशासन व भ्रष्टाचार का गठबंधन है। ये दल घोटालों और भ्रष्टाचार के साम्राज्य को जिंदा रखने के लिए एकजुट हुए हैं लेकिन बिहार के लोग उनके सफाया के लिए कृतसंकल्प हैं।’’  नकवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नेन्द्र मोदी के शासनकाल में बांग्लादेश के साथ भारत के रिश्ते बेहतर हुए हैं।  
 
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार के विकास के लिए दिए गए विशेष पैकेज को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा रिपैकेजिंग बताए जाने पर महागठबंधन में शामिल दलों पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘प्रधानमंत्री की इस घोषणा से इन राजनीतिक दलों का गणित बिगड़ गया है इसलिये उन्हें विशेष पैकेज रिपैकेजिंग दिख रहा है।’’  
 
नकवी ने पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार पर भ्रष्टाचार और घोटालों के मामलों में पूर्व की वामपंथी सरकार को भी पीछे छोड़ देने का आरोप लगाते हुए कटाक्ष किया, ‘‘जिस प्रकार बिहार में भ्रष्टाचार व कुशासन का गठबंधन हुआ है उसी तर्ज पर पश्चिम बंगाल में वर्ष 2016 में होने वाले विधानसभा चुनाव में घोटाला और भ्रष्टाचार में कथित तौर पर लिप्त कांग्रेस, वामपंथी और तृणमूल कांग्रेस भी गठबंधन करेगी।’’  
 
इस अवसर पर बिहार प्रदेश भाजपा उद्योग मंच के प्रदेश अध्यक्ष त्रिलोकचंद जैन, लोजपा के वरिष्ठ नेता भाई कलीमुददीन सहित बिहार एवं बंगाल के भाजपा अन्य कई नेता भी उपस्थित थे। 
Advertising