''महागठबंधन के नेताओं ने सोनिया गांधी को किया अपमानित''

Monday, Aug 31, 2015 - 06:57 PM (IST)

पटना: जन अधिकार पार्टी के संरक्षक और सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने महागठबंधन के नेताओं पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपमानित करने का आरोप लगाया है। यादव ने आज यहां पार्टी की ओर से आयोजित धरना को संबोधित करते हुए कहा कि सोनिया गांधी को रविवार को पटना की रैली में गठबंधन के नेताओं बुलाकर अपमानित किया है। कांग्रेस अध्यक्ष को गठबंधन के नेताओं ने न पर्याप्त सम्मान दिया और न अपेक्षित मर्यादाओं का पालन किया। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राष्ट्रीय जनता दल अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव से मर्यादा की अपेक्षा नहीं करनी चाहिए जो अपने स्वार्थ के लिए बिहार की जनता का अपमान करते रहे हैं। 
 
सांसद पप्पू यादव ने कहा कि लालू यादव ने अपने बेटा-बेटी के लिए यादवों के स्वाभिमान को गिरवी रख दिया है। यादवों की हत्या करवाने वाले नीतीश कुमार के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। यादवों ने उन्हें पहले ही नकार दिया है। उन्होंने कहा कि लालू यादव लगातार चुनाव हारते जा रहे हैं। पाटलिपुत्र लोकसभा चुनाव में दो बार पराजित हुए। सारण में राबड़ी देवी चुनाव हार गयीं। राबड़ी देवी सोनपुर एवं राघोपुर में भी चुनाव हार गयीं। इसके बाद भी लालू जी को समझ में नहीं आ रहा है कि यादवों ने उनको नकार दिया है। उन्होंने दावा किया कि महागठबंधन की स्वाभिमान रैली में मुसलमान एवं दलित शामिल नहीं थे। 
Advertising