चित्तौडगढ़ में भाजपा ने तीनों निकाय जीते

Thursday, Aug 20, 2015 - 05:59 PM (IST)

चित्तौडगढ़: राजस्थान के चित्तौडगढ़ जिले में स्थानीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण में तीन निकायों में हुए चुनावों में फिर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपना परचम लहराते हुए तीनों में जीत दर्ज की है। भाजपा बेंगू में तो रिकार्ड तोड़ जीत दर्ज करते हुए बीस में से अठारह वार्डों में जीती है। कांग्रेस के पूर्व संसदीय सचिव राजेंद सिंह बिधूड़ी की साख दांव पर थी जिन्होंने टिकट वितरण से लेकर सारी कमान अपने हाथ में रखी थी। आज हुई  मतगणना के बाद अंतिम परिणामों के अनुसार जिले की बेंगू नगर पालिका में भाजपा ने बीस में से अठारह वार्डों में जीत दर्ज की जबकि कांग्रेस को मात्र एक वार्ड मिला व एक वार्ड निर्दलीय ने जीता। 

भाजपा ने यह बोर्ड कांग्रेस से छीना है। विधायक सुरेश धाकड ने इस प्रचंड जीत को सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। कपासन नगर पालिका के बीस में से 11 वार्ड जीतकर अपनी प्रतिष्ठा बचा ली है। यहां कांग्रेस को छह व तीन वार्ड निर्दलीयों को मिले है। भाजपा ने यह बोर्ड भी कांग्रेस से छीना है। इसी तरह बड़ीसादड़ी के भी बीस वार्डों में से 11 वार्ड जीतकर भाजपा ने यहां अपना कजा बरकरार रखा है। कांग्रेस को यहां आठ व निर्दलीय को एक वार्ड में जीत मिली है।  भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी ने इस जीत पर हर्ष जताते हुए कहा कि जनता ने जिले की सभी नगरपालिकाओं में भाजपा को जितवाकर विकास के लिए कड़ी से कड़ी जोड़ दी है। 

 बेंगू में कांग्रेस की हुई इस करारी हार के लिए कार्यकर्ताओं ने पूर्व संसदीय सचिव राजेंद्रसिंह बिधूड़ी को जिमेदार ठहराया है जिन्होंने टिकट वितरण में संगठन की राय को दरकिनार करते हुए अपनी मर्जी से टिकट बांटते हुए प्रचार भी स्वयं ने किया था। इनका इतना विरोध था कि प्रचार के दौरान इनसे प्रताडि़त पूर्व प्रधान रूकमादेवी तो इन पर जूता लेकर भी दौड़ी थी। 

Advertising