पाकिस्तान में 12 साल से झेल रही थी टॉर्चर! अब PM मोदी से मांगी मदद

Monday, Aug 10, 2015 - 05:36 PM (IST)

रामपुर: पाकिस्तान में करीब 12 साल तक मेंटली और फिजिकली टॉर्चर झेलने वाली लड़की को आखिर भारत का रूख करना पड़ा। जानकारी के मुताबिक, लड़की के पिता भारत और मां पाकिस्तान की रहने वाली है। लड़की ने बताया कि 2003 में उसकी मां की मौत के बाद रिश्तेदारों ने उसके साथ जानवरों जैसा बर्ताव करना शुरु कर दिया। उनके टॉर्चर से तंग आकर वह भारत आ गई और अब वह वापस पाकिस्तान नहीं जाना चाहती। 

बताया जा रहा है कि लड़की ने भारत सरकार से मदद की गुहार लगाई है, ताकि उसे भारत की सिटीजनशिप मिल सके और वह यही भारत में अपने पित के पास रह सके। बुशरा ने दिल्ली हाईकोर्ट में भी पिटीशन दाखिल की है, जिस पर 5 अगस्त को सुनवाई करते हुए कोर्ट ने विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय को दो हफ्ते में निर्णय लेने के लिए कहा है। एक अंग्रेजी अखबार के मुताबिक, 26 साल की बुशरा खान पाकिस्तान के कराची की रहने वाली है। वह यहां अपने पिता के पास आई है। 

बुशरा ने बताया कि पिता के होते हुए भी अनाथों का जीवन जी रही है। उसे पिछले 12 साल से क्रूरता और उत्पीडऩ झेलना पड़ा। उसने बताया कि वह दूसरी बार भारत आई है। इससे पहले वह 18 मई 2014 को भारत आई थी। बुशरा के मुताबिक, उसकी मां का नाम मेहराज है। वर्ष 1986 में मेहराज की शादी उत्तर प्रदेश के रामपुर में रहने वाले उसके पिता से हुई थी, लेकिन दो साल बाद ही घरेलू हिंसा की शिकायत के चलते वह पाकिस्तान लौट गई थी।

Advertising