Pics: कभी की थी सुसाइड की कोशिश, आज है करोड़ों की मालकिन!

Friday, Aug 07, 2015 - 05:12 PM (IST)

मुंबई: कभी जिंदगी से तंग आकर जिसने सुसाइड करने की कोशिश की थी, आज वह 500 करोड़ की मालकिन हैं। उसने मुंबई के स्लम में रहते हुए सिर्फ 20 रुपए से अपना काम शुरू किया, लेकिन 20 रुपए से 500 करोड़ तक का सफर उसके लिए बिल्कुल भी आसान नहीं था। इस उपलब्धि के लिए इस महिला उद्योगपति को पद्मश्री से भी सम्मानित किया गया।

जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र के छोटे से गांव रोपड़ खेड़ा के एक दलित परिवार में पैदा हुई इस महिला उद्योगपति का नाम कल्पना सरोज है। गरीब परिवार से होने के चलते कल्पना ने छुआछूत और भेदभाव भी सहा। रिश्तेदारों के दबाव में मां-बाप ने 12 साल की उम्र में 10 साल बड़े व्यक्ति से उनकी शादी कर दी। शादी के बाद झटका तब लगा, जब पता चला कि पति मुंबई की झुग्गी में रहता है। लेकिन हालात तब और बिगड़ गए, जब जेठ-जेठानी छोटी-छोटी बातों पर उसे हर रोज पीटने लगे। जब पिता को कल्पना की हालत का पता चला, तो वह उसे अपने साथ गांव ले आए।

गांव आने पर लोग उन्हें ताने देने लगे, जिससे दुखी होकर कल्पना ने एक दिन तीन बोतल कीटनाशक पी लिया, लेकिन खुशकिस्मती से उसकी चाची ने बचा लिया। फिर उसने फैसला किया कि अब कुछ बड़ा करूंगी और 16 की उम्र में वह फिर मुंबई आ गईं और अपने अंकल के साथ रहकर सिलाई सीखी। कल्पना रोज 16 घंटे काम करतीं और हर दिन 40 से 50 रुपए कमाती।

इसके बाद उसने अपने बिजनेस को बढ़ाने के लिए लघु उद्योग विभाग से 50,000 रु. का लोन लेकर अपना बुटिक शुरू किया। बिजनेस ने रफ्तार पकड़ी तो उसने घाटे में चल रही ‘कमानी ट्यूब्स’ नाम की एक कंपनी 2.5 करोड़ में खरीद ली। हालांकि, कल्पना के पास कंपनी चलाने का कोई अनुभव नहीं था, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी और आज ये उनकी मेहनत का ही मतीजा है कि उनकी कंपनी का कारोबार तकरीबन 500 करोड़ से ज्यादा है।

Advertising