IS के कब्जे से रिहा हुए लक्ष्मीकांत पहुंचे हैदराबाद

Tuesday, Aug 04, 2015 - 05:09 PM (IST)

बेंगलूरूः लीबिया की राजधानी त्रिपोली में 28 जुलाई को कुख्यात आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट ऑफ ईराक एंड सीरिया (आई.एस.) द्वारा बंधक बनाए गए 4 भारतीयों में से एक लक्ष्मीकांत आज हैदराबाद पहुंचे। उन्हें आज विमान से हैदराबाद लाया गया। 

उल्लेखनीय है कि कर्नाटक निवासी लक्ष्मीकांत और विजय कुमार तथा हैदराबाद निवासी 2 अन्य भारतीयों को आई.एस. आतंकवादियों ने त्रिपोली में एक जांच चौकी पर उस समय अगवा कर लिया, जब वे वापस भारत जाने के लिए हवाईअड्डे की तरफ जा रहे थे। इन्हें बंधक बनाए जाने की खबर मिलने के बाद उनके परिजनों ने विदेश मंत्रालय से इनकी सुरक्षित रिहाई की गुहार लगाई थी। 

विदेश मंत्रालय त्रिपोली में अधिकारियों के संपर्क में था। मंत्रालय के प्रयासों के कारण लक्ष्मीकांत और विजय कुमार की सुरक्षित रिहाई संभव हो पाई। लक्ष्मीकांत की पत्नी, पिता और परिवार के अन्य सदस्य हवाईअड्डे पर उनके स्वागत के लिए पहुंचे हुए थे। लक्ष्मीकांत को एहतियातन सुरक्षा के तहत रायचुर ले जाया गया है। वहीं, विजय कुमार के आज रात केम्पेगोडा अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर पहुंचने की संभावना है। 

 
Advertising