याकूब मेमन की फांसी से दुखी शशि थरूर, पढ़ें-किसने क्या कहा?

Thursday, Jul 30, 2015 - 11:26 AM (IST)

 नई दिल्ली: 1993 मुंबई धमाकों के दोषी याकूब मेमन को आज नागपुर के सेंट्रल जेल में फांसी दे दी गई है। मेमन की फांसी के बाद तमाम दलों के नेताओं और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।

-भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि आतंकवादियों के लिए यह सख्त संदेश हैं कि भारत इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। यह एक और संदेश देता है कि भारत की मजबूत न्यायपालिका ने आरोपी को अपनी निर्दोषता सिद्ध करने का भी पूरा मौका दिया।

-मुंबई पुलिस के पूर्व कमिश्नर ने कहा कि अभी केवल आंशिक रूप से न्याय हुआ है। दाऊद और टाइगर मेमन अभी भी पकड़ से बाहर हैं। लेकिन याकूब भी इन मामलों में बराबर रूप से शामिल था इसलिए न्याय जरूरी था।

-कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा रि याकूब को फांसी दे दी गयी। सरकार और न्‍यायपालिका की ओर से आतंक के आरोपी को दंड देने में तत्‍कालिकता और प्रतिबद्धता दिखायी गयी। उम्‍मीद है कि सरकार और न्‍यायपालिका की ओर से आतंक के बाकी मामलों में भी ऐसी ही प्रतिबद्धता दिखाई जायेगी और जाति और धर्म से उपर उठकर फैसले किये जायेंगे।

-कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा कि सरकार ने एक इंसान को फांसी पर चढ़ा दिया इससे मैं बेहद दुखी हूं। सरकार प्रायोजित हत्याएं हमें नीचा दिखा रही हैं, जिसने हमें हत्यारों के स्तर पर ला दिया है।

-उत्तराखंड के CM हरीश रावत ने कहा कि मैं इस ऐतिहासिक कदम के लिए सुप्रीम कोर्ट को बधाई देना चाहता हूँ, जो दोषी है उसको दंड मिलेगा। ये याकूब की फांसी के रूप में उन सबको चेतावनी है जो भारतीय संघ के खिलाफ खुरपेंच करते रहते हैं. जो भारत की एकता के लिए खतरा बनने की कोशिश करते रहते हैं उनको बख्शा नहीं जायेगा। इसमें सारा राष्ट्र एकमत है। जो फांसी मिली है वो उचित मिली है। वो धमाकों मे शामिल था। केंद्र सरकार ने कहा था कि जब हम आएंगे तो दाऊद को और टाइगर को लाएंगे, उसके लिए कदम उठाने चाहिए। ऐसे मामलों में हम सरकार के साथ हैं हमने उत्तराखंड में भी अलर्ट कर दिया है।

Advertising