कांग्रेस का इतिहास षड्यंत्रों से भरा: शिवराज

punjabkesari.in Thursday, Jul 23, 2015 - 07:41 PM (IST)

भोपाल: मध्य प्रदेश व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) घोटाले को लेकर कांग्रेस द्वारा किए जा रहे हमले का मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शहीद चंद्रशेखर की जन्म स्थली अलीराजपुर के भाबरा में आयोजित समारोह में जवाब देते हुए कहा कि ‘कांग्रेस का इतिहास षड्यंत्रों से भरा पड़ा है।’ 

भारतीय जनता युवा मोर्चा के शहीदों को प्रणाम समागम का उद्घाटन करते हुए गुरुवार को मुख्यमंत्री चौहान ने अमर शहीद चन्द्रशेखर आजाद का पुण्य स्मरण किया और कहा कि उनके सपनों को पूरा करने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी। चन्द्रशेखर आजाद ने आजाद भारत का सपना देखा था और हर व्यक्ति को न्याय, अच्छे जीवन स्तर की कल्पना की थी। मध्यप्रदेश सरकार उस दिशा में प्राणपण से जुटी हुई है। 
 
उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने के बाद स्वाधीनता के इतिहास को पटरी से उतार दिया और इस तरह परिभाषित किया जैसे आजादी का सारा श्रेय नेहरू गांधी परिवार को ही हासिल है। सुभाषचन्द्र बोस जैसे देशभक्तों का योगदान भी कांग्रेस ने कबूल नहीं किया। कांग्रेस का इतिहास षडयंत्रों से भरा हुआ है। 
 
उन्होंने युवा पीढ़ी का आह्वान किया कि वह कांग्रेस के षड्यंत्रों का भंडाफोड़ करें। कांग्रेस को लगने लगा है कि शिवराजसिंह चौहान और भारतीय जनता पार्टी को बेदखल करना असंभव हो चुका है, इसलिए चरित्रहनन की राजनीति कांग्रेस का एजेंडा बन चुका है। मुझे बदनाम करने का बीड़ा पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने संभाला है, हमें इसी कड़ाई से जनता की अदालत में कांग्रेस के झूठ का पर्दाफाश करना है। 
 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News