केजरीवाल के आपत्तिजनक शब्द को लेकर दिल्ली पुलिस ने सख्त ट्वीट से दिया जवाब

Monday, Jul 20, 2015 - 04:25 PM (IST)

नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा दिल्ली पुलिस के लिए अपमानजनक शब्द इस्तेमाल करने पर पुलिस आयुक्त भीम सिंह बस्सी का रूख बेशक नरम हो लेकिन उनके महकमे में इसे लेकर खासी नाराजगी है। 


केजरीवाल ने पिछले सप्ताह एक टेलीविजन चैनल को दिए साक्षात्कार में दिल्ली पुलिस के लिए ‘‘ ठुल्ला’’ शब्द का इस्तेमाल किया था। बस्सी ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा ‘‘ यह निजी टिप्पणी है।’’ हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि यह अपमानजनक शब्द है लेकिन संज्ञेय अपराध नहीं है। पुलिस वारंट या अदालत के आदेश के बगैर कोई कदम नहीं उठा सकती है इसलिए इस मामले में कोई प्राथमिकी नहीं है।  


उधर दिल्ली पुलिसकर्मी ही नहीं अधिकारी भी इस बात से बेहद नाराज है। केजरीवाल के खिलाफ दिल्ली पुलिस के दो कांस्टेबलों ने तो शिकायत भी दर्ज कराई है। यह शिकायत गोविंदपुरी और लाजपत नगर थाने में दर्ज कराई गई है। दिल्ली पुलिस के उत्तरी जिला के उपायुक्त मधुर वर्मा ने मुख्यमंत्री के आपत्तिजनक शब्द पर अपना विरोध दर्ज करने के लिए एक अलग रास्ता अपनाया। उन्होंने आज ट्विटर पर एक तस्वीर पोस्ट की। 


इसमें कमला नगर क्षेत्र में रहने वाली 4 साल की बच्ची की फोटो के साथ इसके माता-पिता और एक कांस्टेबल की फोटो हैं। फोटो के साथ मधुर ने कैप्शन लिखा है, दिल्ली पुलिस का एक कथित ‘‘ठुल्ला’’ जिसने 4 साल की खोई हुई बच्ची को उसके मां-बाप से मिलवाया।

Advertising