मैं समाजवादी नहीं, मुलायमवादी हूं: अमर सिंह

Wednesday, Jul 15, 2015 - 05:22 PM (IST)

लखनऊ: सियासत के जुगाडू खिलाड़ी और कभी समाजवादी पार्टी के डिप्टी सीएम माने जाने वाले अमर सिंह पहली बार आजम खान और प्रोफेसर रामगोपाल यादव से रिश्ते को लेकर खुलकर बात की है। अमर सिंह ने कहा है कि उनका आजम खां से कोई झगड़ा नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के थिंक टैंक प्रोफेसर रामगोपाल यादव से उनको कोई गिला-शिकवा नहीं है। लखनऊ में कल मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की ओर से रोज इफ्तार में पार्टी के तमाम दिग्गजों के साथ मंच साझा करने वाले अमर सिंह ने आज एक चैनल से बातचीत में जमकर मुलायम सिंह यादव का गुणगान किया। इसके साथ ही कैबिनेट मंत्री आजम खां तथा राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर राम गोपाल यादव के बारे में अपनी राय भी स्पष्ट की।
 
अमर सिंह ने कहा मेरा आजम खां से कोई झगड़ा नहीं हैं। यह कभी रहा भी नहीं था। उनके आने पर आजम खां के गैर हाजिर होने को उन्होंने इत्तेफाक बताया। अमर सिंह ने कहा कि आजम खां से मेरी मित्रता है। प्रोफेसर राम गोपाल यादव के बारे में उन्होंने कहा कि मैं राम गोपाल यादव से घृणा तो करता नहीं हूं, लोग बेवजह बात का बतंगड़ बनाते हैं।
 
अमर सिंह ने एक बार फिर कहा कि मैं समाजवादीनहीं, मुलायमवादी हूं। अपने जीवन के दो दशक से भी लंबे समय से नेताजी (मुलायम सिंह यादव) के साथ हूं। मुलायम सिंह यादव का मेरे घर आना या मेरा उनके घर जाना खबर नहीं है। यह हमारे बीच असीम प्रेम है। मुलायम सिंह यादव से मेरे हृदय के तत्व जुड़े हैं। जब भी उनकी और मेरी बातचीत होती है तो इस दौरान तीसरा नही आता है। अमर सिंह ने कहा कि सुदामा को कृष्ण ने क्या दिया वही मुलायम ने मुझे दिया है। मुलायम सिंह यादव बेहद गंभीर किस्म के इंसान है। वह सारे विष को पीकर शांत रहते हैं। वह वाकई में नीलकंठ हैं।
 
अमर सिंह ने कहा कि मुलायम तथा शिवपाल यादव से मेरे रिश्ते तथा संबंध राजनैतिक नहीं हैं। अखिलेश यादव मेरे भतीजे हैं और हमेशा रहेंगे। उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री कई देशों के प्रधानमंत्री के बराबर होता है। उत्तर प्रदेश की जनसंख्या और क्षेत्र कई देशों से ज्यादा है। उन्होंने कहा कि न तो हमारा कोई प्रशंसक है और न ही कोई विरोधी। अमर सिंह कभी भी चिरकुटों पर हमला नही करता है। उन्होंने कहा कि किसी को अगर कुछ कहना भी होता है तो मैं उसके मुंह पर बोलता हूं। मेरी बुराई यह है कि मैं बुराई पर चुप नहीं रहता हूं। फिल्म अभिनेत्री तथा उनकी साथी जयाप्रदा के बारे में अमर सिंह ने कहा कि अब जयाप्रदा रामपुर से नही लखनऊ से मतदाता बनेंगी। उनका लखनऊ का निवास प्रमाण पत्र भी बन गया है। इसके साथ ही वाहन चलाने का लाइसेंस भी उनको मिल गया है।
Advertising