हाईकोर्ट ने दी प्रियंका गांधी को राहत (Watch Video)

Wednesday, Jul 08, 2015 - 12:29 PM (IST)

शिमलाः हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश में प्रियंका गांधी वाड्रा द्वारा खरीदी गई जमीन और उसकी कीमत की जानकारी सार्वजनिक करने पर रोक लगा दी। पिछले महीने के आखिर में सूचना आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रियंका के भूमि लेनदेनों की जानकारी 10 दिनों के भीतर सार्वजनिक करने की बात कही थी। 


प्रियंका ने इस मांग को हाई कोर्ट में चुनौती दी है। अब इस केस पर सुनवाई अगले महीने होगी। प्रियंका गांधी वाड्रा कांग्रेस प्रेजिडेंट सोनिया गांधी की बेटी हैं। हिमाचल प्रदेश में अभी कांग्रेस की सरकार है। हिमाचल प्रदेश में प्रियंका गांधी द्वारा खरीदी गई प्रॉपर्टी के बारे में आर.टी.आई. ऐक्टिविस्ट देवाशीष भट्टचार्य ने आर.टी.आई. के जरिए जानकारी मांगी थी। सूचना आयोग के अधिकारी कह रहे हैं कि जानकारी सार्वजनिक होनी चाहिए। अभी तक आर.टी.आई. की जानकारी ना दिए जाने की जिम्मेदारी आर.टी.आई. का काम देख रहे अफसर पर डाल दी गई। 


इस साल की शुरुआत में प्रियंका ने अपने वकीलों के जरिए अपनी बात रखी थी। उन्होंने राज्य सरकार को पत्र लिखकर सुरक्षा कारणों की वजह से अपने जमीन सौदों की जानकारी गोपनीय रखने की बात कही थी। भट्टाचार्य ने अपनी आरटीआई ऐप्लिकेशन के उद्देश्य के बारे में एनडीटीवी को बताया था, ''हिमाचल प्रदेश एक छोटा राज्य है। अगर इसी तरह वीवीआईपी यहां जमीन खरीद कर उसका दुरुपयोग करते रहे तो यहां तो जमीन बचेगी ही नहीं।'' 


गौरतलब है कि प्रियंका के पिता राजीव गांधी और दादी इंदिरा गांधी की हत्या कर दी गई थी। अब प्रियंका को स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप द्वारा सुरक्षा दी जाती है। इससे पहले बीजेपी कह चुकी है कि हरियाणा में प्रियंका के पति रॉबर्ट वाड्रा के कथित अवैध भूमि सौदों की जांच कराई जाएगी। गौरतलब है कि पिछले साल तक हरियाणा में भी कांग्रेस की ही सरकार थी, लेकिन इस साल के चुनाव में कांग्रेस हार गई। अब हरियाणा में बीजेपी की सरकार है।
Advertising