व्यापमं घोटाले से घबराई उमा भारती,किस तरफ कर रही हैं इशारा?

Tuesday, Jul 07, 2015 - 10:55 AM (IST)

नई दिल्लीः व्यापमं घोटाले की सीबीआई जांच कराने से भले ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और गृह मंत्री इनकार करें  लेकिन खुद केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने उनकी थ्यौरी को  चुनौती दे दी है। 

उमा भारती का कहना है कि गड़बड़ी व्यापमं की शुरुआती जांच में हुई। उस वक्त ये जांच मध्यप्रदेश पुलिस के पास थी। उमा ने इशारों इशारों में इसकी जांच किसी सक्षम एजैंसी से कराने को कहा।

व्यापम घोटाले की आंच में सुलगते शिवराज सिंह चौहान के लिए लगता है एक नया मोर्चा खुलने वाला है। केंद्रीय मंत्री उमा भारती एक बार फिर मीडिया में खुलकर बोल रही है। शिवराज सिंह चौहान की चिंता जताते हुए वो बार-बार जिस चीज की ओर इशारा कर रही हैं असल में वो शिवराज को ही एक बार फिर चिंता में डाल सकती हैं। 

सवाल ये है कि आखिर इंदौर पुलिस के पास से एसटीएफ तक पहुंचने में जांच में हुआ क्या। आखिर उमा बार-बार किसकी तरफ इशारा कर रही हैं। इसके लिए हमें एक बार कांग्रेस के आरोपों की तरफ जाना होगा। इसी साल फरवरी महीने में कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह और कमलनाथ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके शिवराज सिंह पर व्यापमं घोटाले में शामिल होने के आरोप लगाए थे। दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाए थे कि व्यापमं के सिस्टम एनालिस्ट नितिम महेंद्र के कंप्यूटर से जब्त की गई हार्ड डिस्क से तैयार की गई एक्सल सीट में छेड़छाड़ की गई है। उन्होंने आरोप लगाए कि जहां-जहां शिवराज से जुड़े नाम थे वहां-वहां उमा भारती का नाम डाल दिया गया।

वहीं कॉन्स्टेबल की मौत पर  उमा भारती ने कहा , संभव है कि कोई लोगों को मार ना रहा हो और डर से उनकी जान चली जा रही है। जो लोग इसमें आरोपी बनाए गए हैं उन्हें डर लगता है कहीं उनकी इज्जत ना उछल जाए।   मुझे भी डर लगता है कि पता नहीं कब अदालत के फैसले से पहले अखबार में कुछ आ जाए। मैं स्वयं इस मामले को लेकर भयभीत रहती हूं।

Advertising