बिहार विधानसभा चुनाव में राजग का सफाया हो जायेगा: लालू

Saturday, Jul 04, 2015 - 07:23 PM (IST)

हाजीपुर: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन राजग का सफाया हो जायेगा। यादव ने वैशाली जिले के महुआ में स्थानीय निकाय के विधान परिषद सीट के लिये चुनाव लड़ रहे पार्टी प्रत्याशी सुबोध राय के पक्ष में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुये कहा कि राजद और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के गठबंधन से बिहार में राजग का सफाया होना तय है।   

राजद अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने कहा कि जिस सामाजिक- आर्थिक जनगणना का इंतजार पूरे देश में किया जा रहा था उसमें बिहार के जातीय आंकड़े को आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर केन्द्र की मोदी सरकार ने जारी नही किया है। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से बिहार में राजग को चुनावी नुकसान होने का डर है।  
 
यादव ने कहा कि बिहार विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है और अब प्रदेश में बाहुबलियों का स्थान जेल के सलाखों में है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से देश का कल्याण होनेवाला नही हैं क्योंकि वह जनता से किये गये वादो को अबतक पूरा नही कर पाये है। बिहार में यदि राजग की सरकार बनती है तो प्रदेश में सम्प्रदायिकता बढऩे का खतरा उत्पन्न हो जायेगा। उन्होंने कहा कि विदेशों से कालाधन वापस लाने के नरेन्द्र मोदी सरकार के वादे की पोल खुल गयी है। 
Advertising