नीतीश ने शुरू किया ''हर घर दस्‍तक'' अभियान, पूछा, "मेरे काम से खुश हैं न?

Thursday, Jul 02, 2015 - 04:52 PM (IST)

पटना: आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए सत्ताधारी जदयू ने पूरी तरह से कमर कस ली है। गुरूवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई में जदयू ने ''हर घर दस्‍तक'' अभियान शुरू किया। इस अभियान को सफल बनाने के लिए नीतीश कुमार खुद मतदाताओं के घर गए। उन्‍होंने लोगों से मिलकर पूछा, "मेरे काम से खुश हैं न?" साथ ही, अपील की कि उन्हें फिर एक बार मौका दें। सीएम ने पश्चिम दरवाजा इलाके में लोगों से मिल कर कैंपेन की शुरुआत की। यह इलाका पटना साहिब विधानसभा क्षेत्र में है। पूरे इलाके को जदयू के पोस्टरों से पाट दिया गया है। इस अभियान से पहले नीतीश कुमार प्रसिद्ध बड़ी पटन देवी मंदिर पहुंचे।

इस अभियान का शुभारंभ गुरूवार को प्रात: 10:30 पार्टी के प्रदेश कार्यालय बीरचंद पटेल मार्ग में जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ट नारायण सिंह द्वारा किया गया। सिंह ने पार्टी कार्यालय में कैंपेन का उद्‌घाटन करते हुए कहा कि इस अभियान का मकसद हर वोटर तक पहुंच बनाना है। पार्टी के कार्यकर्ता जनता के बीच जाएंगे और सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताएंगे। मुख्यमंत्री ने ''हर घर दस्तक'' अभियान के दौरान लोगों के साथ सेल्फी ली। वह हर दरवाजे पर एक स्टिकर भी लगा रहे हैं। स्टिकर पर लिखा है - ''आगे बढ़ता रहे बिहार, फिर एक बार नीतीश कुमार।'' स्टिकर पर जदयू से जुडऩे के लिए कॉल करने का नंबर 9006290062 भी लिखा है।
 
पार्टी के पंचायत अध्यक्ष, प्रखंड अध्यक्ष और नगर इकाई के कार्यकर्ता के साथ-साथ प्रदेश अध्यक्ष, नीतीश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक और पदाधिकारी पूरे 30 दिनों तक चलने वाले इस अभियान में दस-दस दिनों के दो चरणों में अपने-अपने क्षेत्र और गृह जिले में लोगों के घर-घर जाएंगे। जनसंपर्क अभियान का पहला चरण 2-11 जुलाई तक चलेगा। इस अभियान का नारा है- एक कार्यकर्ता दस दस्तक, एक संदेश हर घर तक।
 
जदयू एक साथ 10 लाख कार्यकर्ताओं को जनसंपर्क के लिए उतारेगा। एक कार्यकर्ता कम से कम 10 घरों पर जाएगा। सवाल पूछेगा, सेल्फी लेगा और स्टिकर चिपकाएगा। पूरे अभियान में एक करोड़ घरों में रहने वाले करीब तीन करोड़ मतदाताओं से पार्टी कार्यकर्ता सीधा संवाद करेंगे।
 
जनता से इन सवालों को पूछेगें जदयू कार्यकर्ता-
क्या पिछले 10 साल में बिहार का विकास हुआ है?
क्या हर व्यक्ति या समुदाय का फायदा हुआ है? 
क्या इस विकास के नायक नीतीश कुमार हैं? 
इसलिए फिर एक बार नीतीश कुमार?
Advertising