राजग के नेता निराशा और अवसाद में जी रहे हैं: लालू

Tuesday, Jun 30, 2015 - 09:30 AM (IST)

पटना: राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने कहा कि राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के सांसद अरूण कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जिस तरह से ''छाती तोड़ने'' की धमकी दी है उससे यह स्पष्ट हो गया है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेता निराशा और अवसाद में जी रहे हैं। 


यादव ने आज दिल्ली जाने से पूर्व यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राजग के नेता जन समर्थन खो जाने से निराशा और अवसाद में जी रहे है। उन्होंने कहा कि इसी कारण रालोसपा के सांसद कुमार ने मुख्यमंत्री को छाती तोडऩे की धमकी दी है। राजनीति में इस तरह की भाषा बर्दाश्त नहीं की जा सकती है। जनता इन सभी चीजों को देख रही है। 


गौरतलब है कि रालोसपा के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद अरुण कुमार ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय में कहा था कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चेहरा बदलकर विधायक अनंत सिंह जैसे दर्जनों लोगों का शोषण अपने लाभ के लिए करते रहे हैं। काम निकल जाने के बाद ऐसे लोगों की उन्हें जरूरत नहीं रह जाती लेकिन उन्हें समझ लेना चाहिए कि यह कौम चूड़ी पहनकर नहीं बैठी है न इनकी जान किसी डिबिया में है। यह नीतीश कुमार की छाती भी तोड़ सकती है।

Advertising