शेरनी से ऐसे बचाई बच्चे की जान, तस्वीर हुई वायरल

Sunday, Jun 28, 2015 - 06:29 PM (IST)

नई दिल्ली: बारिश और उसके बाद बाढ़ जैसे हालात से बुरी तरह प्रभावित गुजरात के अमरेली जिले में आम लोगों के साथ-साथ जंगल में रहने वाले जानवर, खासकर शेरों का जीना मुहाल हो गया है। एक तरफ जहां शेरों व अन्य जानवरों के मरने की खबर आ रही है, वहीं इसी बीच एक ऐसी तस्वीर सामने आई जो काफी वायरल हो रही है।

जानकारी के मुताबिक, बारिश की वजह से अमरेली के पास एक मंदिर में शेरनी और उसके बच्चे ने आश्रय ले लिया। जैसे ही एक महिला मंदिर में दर्शन के लिए पहुंची, तो शेरनी ने उस पर हमला कर दिया। शायद शेरनी को लगा कि उसके बच्चे को उससे खतरा है। इस दौरान महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद वन्य अधिकारियों ने काफी लंबे आप्रेशन के बाद शेरनी और उसके बच्चे को पकड़कर उन्हें जंदल में छोड़ दिया। 

अपने बच्चे की रक्षा करने के दौरान शेरनी जिस तरह बच्चे को लेकर भाग रही थी, देखने वाले भी दंग थे। ये मां की ममता ही थी, जो बच्चे के लिए उमड़ रही थी। बता दें कि गुजरात सरकार ने दुनिया में एशियाई शेरो के एकमात्र निवास स्थान राज्य के गिर के जंगलों में तीन दिन पूर्व हुई भारी मानसूनी वर्षा से करीब 6 सिंहों के मारे जाने की पुष्टि की है। इसके अलावा अब तक 210 नीलगाय, दो चीतल और कुछ अन्य जानवरों के भी मारे जाने की आधिकारिक पुष्टि हुई है। वैसे अपुष्ट समाचारों में 6 शेरों के मरने की बात कही गई है।  

ज्ञातव्य है कि इसी वर्ष मई माह में हुई नवीनतम गणना के अनुसार लगभग 1400 वर्ग किमी के गिर जंगल और इसके आसपास के क्षेत्रों में शेरों की कुल संख्या वर्ष 2010 की पिछली गणना के 411 से बढ कर 527 हो गई थी। तीन दिन पूर्व अमरेली में 24 घंटे में ही हुई 20 ईंच से अधिक की भारी बरसात से वन्यजीवों पर भी कहर बरसा। वर्षा जनित घटनाओं में गुजरात में लगभग 80 लोगों की मौत हुई है। 

Advertising