AAP विधायक राखी बिड़लान पर BJP ने लगाए गंभीर आरोप

Monday, Jun 08, 2015 - 08:20 AM (IST)

नई दिल्ली: दिल्ली की कमान संभालने के बाद केजरीवाल सरकार अभी पूरी तरह से अपने पैर जमा नहीं पाई थी कि अपनों ने ही सीएम अरविंद केजरीवाल के खिलाफ विरोध कर दिया। पार्टी उससे अभी उभरी ही थी कि आम आदमी पार्टी एक बार फिर चर्चा में आ गई है। AAP की विधायक राखी बिड़लान को लेकर पार्टी चर्चा का विषय बन गई है।

दिल्ली भाजपा ने बिड़लान पर भ्रष्टाचार करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय का कहना है कि राखी बिड़लान ने ठेकेदारों और कंपनियों के साथ मिलकर भ्रष्टाचार को अंजाम दिया है। उपाध्याय ने राखी बिड़लान के बहाने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और करप्शन को खत्म करने के लिए बनाई गई ए.सी.बी को भी निशाने पर लिया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार खत्म करने की बात करते हैं, जबकि उनके विधायक ठेकेदारों और कंपनियों के साथ मिलकर करप्शन फैला रहे हैं। एक आरटीआई का हवाला देते हुए सतीश उपाध्याय ने कहा कि ''आप'' की विधायक राखी बिड़लान के खिलाफ करप्शन में शामिल होने का मामला सामने आया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बिड़लान ने 15,000 की सोलर स्ट्रीट लाइट 1 लाख में और 10,000 में लगने वाली सीसीटीवी यूनिट 6 लाख में मंगोलपुरी विधानसभा क्षेत्र में लगवाया है। उन्होंने कहा कि यह तो सिर्फ एक मामला है। उनका आरोप है कि एक पूर्व मंत्री सहित 6 दूसरे विधायकों के क्षेत्रों में भी इसी तरह की हेरा-फेरी अप्रैल-मई में की गई है।

Advertising