ऐसा गांव जहां जहरीले सांप से खेलते हैं बच्चे, देखें हैरान करने वाली तस्वीरें

Tuesday, Jun 02, 2015 - 04:20 PM (IST)

इलाहाबाद: दुनिया सांपों को खौफ का दूसरा नाम मानती है, सांप का नाम सुनते ही लोगों के रोंगटे खड़े हो जाते हैं।  लेकिन इलाहाबाद से 45 किलोमीटर दूर एक ऐसा गांव है, जहां सांप हर इंसान की जिंदगी का अहम हिस्सा हैं। यहां बूढ़ा हो या बच्चा, कोई भी सांप से नहीं डरता। सांप यहां पर बच्चों के लिए दिल बहलाने वाले खिलौने जैसे ही हैं और हैरत की बात यह है कि आज तक इस गांव में सांप के काटने से किसी की मौत नहीं हुई है।

शंकरगढ़ इलाके में बसे कपारी गांव को सपेरों का गांव कहा जाता है। यहां लोग घरों मेंं सांप पालते हैं। गांव में जिस घर में ज्यादा सांप होंगे, उस घर का गांव में रुतबा उतना ही ऊंचा होगा। यहां बच्चे इन्हीं के साथ खेलते हुए बड़े होते हैं। कई बार तो खेल-खेल में बच्चे इन्हें अपने मुंह में भी डाल लेते हैं। बावजूद इसके सांप उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचाते।

यह गांव सांपों और इंसान की दोस्ती की अनोखी मिसाल है। इनके बीच का रिश्ता भले ही सबकी समझ से परे हो, लेकिन इनके लिए यह सब कुछ हैं। डर की जगह सांपों के लिए उनके दिल में प्यार है। लोग उन्हें अपने बच्चों की तरह पालते हैं। यहां कोबरा, वाइपर, रेटल स्नैक और करैत जैसे बेहद जहरीले सांप भी घर में घूमते मिल जाएंगे। स्नेक स्पेशलिस्ट बताते हैं कि सांपों को किसी के छूने से ही अहसास हो जाता है कि पकडऩे वाला उन्हें कोई नुकसान पहुंचाएगा या नहीं।

Advertising