जनता परिवार का विलय टला,अब जदयू- राजद गठबंधन पर लगा ग्रहण

punjabkesari.in Tuesday, Jun 02, 2015 - 12:42 PM (IST)

नई दिल्ली/पटनाः बिहार चुनाव के नजदीक अाते ही सवाल उठने लगे हैं जिसमें सबसे बड़ा सवाल है कि क्या लालू और नीतीश का गठबंधन होगा या फिर दोनों विधानसभा चुनाव में एक बार फिर एक दूसरे के खिलाफ खड़े होंगे।

जनता परिवार का विलय टलने के बाद अब जदयू- राजद गठबंधन पर भी ग्रहण लगता नजर आ रहा है। इस बीच जदयू और कांग्रेस के बीच नजदीकी बढ़ी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनता परिवार के विलय पर पूछे गए सवाल को टाल दिया, लेकिन दो टूक कहा कि कांग्रेस से तालमेल पर कोई भ्रम नहीं है। जबकि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ने की आवश्यकता जताई। उन्होंने इसमें राजद को भी साथ आने का सुझाव दिया। इससे राजद पर दबाव बढ़ गया है। इधर, लालू प्रसाद के सुर बदले। उन्होंने कहा कि अगर साथ चलना है, तो भरोसा करना होगा। 

जदयू के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी  कांग्रेस

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को कहा कि विधानसभा चुनाव में जदयू का कांग्रेस के साथ तालमेल को लेकर किसी तरह का कोई भ्रम नहीं है। भाजपा से अलग होने के बाद से ही जदयू का कांग्रेस के साथ अच्छा समन्वय रहा है। कांग्रेस सरकार का समर्थन भी कर रही है। लोकसभा चुनाव के बाद हुए विधानसभा उप चुनाव में कांग्रेस पार्टी जदयू के साथ चुनाव मैदान में उतरी है। आगे भी कांग्रेस जदयू के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी।

कांग्रेस चाहती है लालू का साथ  

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भी बिहार चुनाव में नीतीश कुमार के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ने के पक्ष में हैं। सोमवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चौधरी ने 10 जनपथ में उनसे मुलाकात कर बिहार के राजनीतिक हालात से अवगत कराया। इसमें सोनिया ने जदयू के साथ गठबंधन पर अपनी सहमति दी। कांग्रेस चाहती है कि नीतीश कुमार के साथ गठबंधन में लालू प्रसाद भी साथ रहें। अशोक चौधरी के साथ मुलाकात के बाद सोनिया ने नीतीश के साथ गठबंधन की आवश्यकता बताई। उन्होंने चुनाव में भाजपा को रोकने पर जोर दिया।  

विश्वास का संकट होने से नुकसान होगाःलालू

राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद ने कहा कि गठबंधन को लेकर कोई भी बयान मीडिया के माध्यम से देने के पहले पार्टी नेता मुझसे बात करें। मिलकर चुनाव लड़ना है तो इसमें विश्वास करना होगा। विश्वास का संकट होने से नुकसान होगा।

सोमवार को अपने आवास पर मीडिया से बातचीत में श्री प्रसाद ने कहा कि हम और नीतीश कुमार साथ बैठेंगे तो सब मामला तय हो जाएगा। उन्होंने कहा शरद जी आए थे। उनसे गठबंधन पर बातें हुई हैं। गठबंधन पर बातचीत का क्रम जारी है। नीतीश कुमार को भी बुलाए हैं। पटे तो ठीक नहीं तो भी ठीक है। 

जदयू अकेले कैसे कर लेगा निर्णय: रघुवंशराजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉं. रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा कि गठबंधन पर जदयू अकेले कैसे निर्णय करेगा। अगर उसे अकेले ही निर्णय करना है तो वह सत्ता में है ही, जाए और निर्णय करें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News