दिन दहाड़े शोरूम में घुसकर चली गोलियां

punjabkesari.in Tuesday, Jun 02, 2015 - 12:39 AM (IST)

रेवाड़ी : 6 करोड़ की फिरौती देने से इन्कार करने पर सोमवार को दिन-दिहाड़े बाइक पर सवार 3 बदमाशों ने नगर के एक नामी ज्वैलर्स के शोरूम में घुसकर हत्या करने के इरादे से ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। शोरूम में सिविल ड्रैस में पहले से ही बैठे सी.आई.ए. पुलिसकर्मियों ने एक बदमाश को गोली मारकर घायल कर दिया। 2 बदमाश बाइक छोड़कर गलियों में फरार हो गए। 
 
इस वारदात से सर्राफा व्यापारियों में भारी रोष है और उन्होंने इसके विरोध में अपने प्रतिष्ठानों को बंद कर दिया। सर्राफा व्यापारियों की दुर्गा मंदिर में एक बैठक कर एस.पी. से मिलने का फैसला लिया गया। इधर, पुलिस फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। 
 
जानकारी के अनुसार पूर्ण सोनी नगर के बारा हजारी रोड पर नवदीप ज्वैलर्स के नाम से एक बड़ा शोरूम चलाते हैं। रविवार की रात 8 बजे उनके पुत्र दीपक सोनी के पास किसी व्यक्ति का फोन आया और कहा कि मैं डा. कुलदीप महेन्द्रगढ़ से बोल रहा हूं। हमने ही रेवाड़ी के जेल में बंद बदमाश जीता को गोली से उड़ाया था। 
 
तुम 6 करोड़ रुपए आज रात तक अदा नहीं करोगे तो सुबह तुम्हें मार दिया जाएगा। दीपक ने कहा कि इतनी बड़ी राशि का रात को प्रबंध होना मुश्किल है। इसके लिए समय दो। इसके जवाब में फोन करता ने कहा कि फिर मरने के लिए तैयार हो जाओ। सुबह आपको निपटा दिया जाएगा। यह धमकी दीपक ने अपने पिता पूर्ण सोनी को बताई।
सोमवार की सुबह पूर्ण सोनी कुछ व्यापारियों को साथ लेकर एस.पी. मनबीर सिंह से मिले और धमकी की जानकारी दी। एस.पी. ने मामले की गंभीरता को समझते हुए देर नहीं लगाई और तुरंत उनके शोरूम पर सिविल ड्रैस में 2 सी.आई.ए. पुलिसकर्मी भेज दिए। ये दोनों पुलिसकर्मी शोरूम के अंदर बैठे हुए थे। दोपहर 12 बजे के करीब 3 युवक पल्सर बाइक पर सवार होकर वहां आए और शोरूम में घुसने लगे। 
 
तैनात सुरक्षा गार्ड ने उन्हें रोका तो उन्होंने कहा कि अनिल से मिलना है। गार्ड ने कहा कि अनिल नाम का कोई व्यक्ति यहां नहीं है तो वे जबरन अंदर घुस गए। एक बदमाश ने अपनी कमर में कमीज के नीचे छिपाकर रखे पिस्तौल से ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। शोरूम के नौकर ने तुरंत एक बदमाश को दबोच लिया। उसी समय सिविल ड्रैस में मौजूद पुलिसकर्मी प्रदीप ने उस पर गोली चला दी। हाथ पर गोली लगने से वह घायल हो गया। 
 
मामला बिगड़ता देख 2 बदमाश अपनी बाइक को वहीं छोड़कर फरार हो गए। बदमाशों ने 4 गोलियां चलाई थीं। गोलियों की आवाज से शोरूम में बैठे ग्राहक भी घबरा गए। वारदात के बाद सर्राफा एसोसिएशन तुरंत हरकत में आई और प्रधान देवेन्द्र जैन घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद सर्राफा बाजार बंद करने का ऐलान के साथ लोग बारा हजारी स्थित दुर्गा मंदिर में एकत्रित होने लगे। 
 
वहां पर व्यापारियों की हंगामी बैठक हुई। इस बैठक में पूर्ण सोनी उनके पुत्र दीपक सोनी, संजीव जैन, मुकेश जैन, नीरज सुनार आदि भी उपस्थित थे। सभी वहां से एस.पी. मनबीर सिंह से मिलने जा पहुंचे। एस.पी. ने उन्हें आश्वासन दिया कि फरार दोनों बदमाशों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उन्हें पूरी सुरक्षा दी जाएगी। तत्पश्चात व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान खोल लिए। पुलिस ने मौके से पल्सर बाइक को कब्जे में ले लिया है और फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News