राहुल गांधी को बताना पड़ेगा अपनी आंखों का रंग और जूते का साइज!

Friday, May 29, 2015 - 11:42 AM (IST)

नई दिल्ली: कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को दिल्ली पुलिस को अपनी आंखों का रंग, चाल का ढंग और जूते का साइज बताना पड़ सकता है। दरअसल, दिल्ली पुलिस यह सब राहुल गांधी की सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए कर रही है।

लेकिन आपको बता दें कि इस मुद्दे पर मार्च में संसद में हंगामा हो चुका है। दिल्ली पुलिस की एक टीम जब राहुल की आंखों और त्वचा के रंग संबधी जानकारी लेने कांग्रेस दफ्तर पहुंची थी। राहुल उस वक्त छुट्टी पर हॉन्गकॉन्ग में थे और इसकी जानकारी बहुत कम लोगों को थी। लिहाजा कांग्रेस ने दिल्ली पुलिस की इस कवायद पर कड़ी आपत्ति जताई थी और केंद्र सरकार पर जासूसी का आरोप तक लगा दिया था।

आरोपों के बावजूद दिल्ली पुलिस कमिश्नर बीएस बस्सी ने कहा है कि सुरक्षा के मकसद से इस्तेमाल होने वाली वीआईपी लोगों की जानकारी काफी समय से अपडेट नहीं हुई है। सूत्रों का कहना है कि दिल्ली पुलिस इस तरह की जानकारियां लेती रहेगी क्योंकि ये ''सुरक्षा प्रदान किए गए लोगों'' की हिफाजत के लिए अहम हैं। यह खबर एक अंग्रेजी अखबार ने दी है।

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल इन ब्योरों को अपडेट करने के काम में लगी है। माना जा रहा है कि पुलिस ''परफॉर्मा'' में उसे न भरने का विकल्प भी जोड़ सकती है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि अगर वीआईपी ऐसा करते हैं तो यह उनकी सुरक्षा के लिहाज से ठीक नहीं होगा। अखबार ने एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से लिखा है कि मामले पर अभी आखिरी फैसला नहीं लिया गया है।

गौरतलब है कि इस परफॉर्मा में निजी और शैक्षिक ब्योरे, पासपोर्ट नंबर, लंबाई, चाल-ढाल, बालों, आंखों और त्वचा का रंग और जूते का साइज जैसी जानकारियां देनी होती हैं। इसे खुद वीआईपी या उनका स्टाफ भर सकता है। इससे किसी आपात स्थिति में दिल्ली पुलिस वीआईपी शख्स को पहचान सकती है।

आपको यह भी  बता दें कि पिछले कुछ सालों में राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, पूर्व पीएम आईके गुजराल, अटल बिहारी वाजपेयी, एचडी देवेगौड़ा, मनमोहन सिंह, अहमद पटेल, लालू प्रसाद यादव, शीला दीक्षित, अरुण जेटली, सुषमा स्वराज, यशवंत सिन्हा और मुरली मनोहर जोशी जैसे नेता इस परफॉर्मा को भर चुके हैं।

Advertising