मांग पूरी न होने पर की हैवानियत की सारी हदें पार

Tuesday, May 26, 2015 - 05:52 AM (IST)

सिरसा: दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष के लोगों ने गांव पनिहारी निवासी एक विवाहिता के साथ मारपीट की और फिर उसके ऊपर मिट्टी का तेल डालकर जिंदा जलाने का प्रयास किया। पीड़िता ने ससुरालियों पर गंभीर आरोप जड़े हैं। घायल किरण (24) और उसका भाई मंगत पुत्र सतनाम निवासी गांव पनिहारी शहर के सामान्य अस्पताल में उपचाराधीन है। अस्पताल में भर्ती मंगत ने बताया कि करीब अढ़ाई वर्ष पूर्व उसकी बहन किरण की शादी गांव दरियापुर फतेहाबाद निवासी अशोक कुमार के साथ हुई। शादी के बाद से ससुराल पक्ष के लोग उसकी बहन को दहेज के लिए तंग करते आ रहे है।

पिछले दिनों ससुरालियों ने बाइक की डिमांड की, जो उन्होंने पूरी कर दी। अब ससुराल पक्ष के लोग गाड़ी व लाखों रुपयों की मांग कर रहे हैं। पीड़िता किरण ने बताया कि गत दिवस ससुराल पक्ष के लोगों ने उससे मारपीट की। पीड़िता का आरोप है कि ससुरालियों ने उसके ऊपर मिट्टी का तेल डालकर जलाने का प्रयास किया। उसने किसी तरह अपनी जान बचाते हुए घटना की सूचना अपने परिजनों को दी। उसका भाई उसे लेने के लिए ससुराल पहुंच गया। ससुरालियों ने उसके भाई मंगत के साथ भी हाथापाई की। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
Advertising