पेट दर्द दिखाने गई थी, गर्भपात ही कर दिया

Wednesday, May 13, 2015 - 07:37 PM (IST)

मेरठ: एक झोलाछाप महिला डॉक्टर ने पेट दर्द की दवाई लेने गई महिला का गर्भपात कर देने का मामला सामने आया है। यह घटना गांव बामनोसी की है। बताया गया है कि गर्भपात के दौरान डॉक्टर ने महिला की आंत और गर्भाशय काट दिए। झोलाछाप डॉक्टर के इस कारनामे की वजह से पीड़ित महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। 
 
जानकारी के अनुसार पूजा अपने पति बीनू के साथ रहती है। उनका परिवार खेती बाड़ी का काम करता है। दो दिन पहले पूजा को पेट में दर्द हुआ जिसके बाद वह दवाई लेने गांव की ही एक महिला डॉक्‍टर मिथलेश के पास गई। डॉक्‍टर ने जाते ही उसको दो नशे के इंजेक्शन दिए जिसके बाद भी महिला की हालत मे सुधार नहीं हुआ। इसके बाद डॉक्‍टर ने पूजा का गर्भपात ही कर दिया। गर्भपात के दौरान डॉक्‍टर ने महिला की आंत काट दी और गर्भाश्य को भी काटकर बाहर निकाल दिया। 
 
इसके बाद में हालत गम्भीर होने का हवाला देते हुई डॉक्‍टर ने उसे बड़ौत रेफर कर दिया। बड़ौत के डॉक्‍टरों ने महिला की गम्भीर स्थिति को देखते हुए दिल्ली के सेंट स्टीफन में रेफर कर दिया जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद महिला डॉक्‍टर दुकान में ताला लगाकर फरार हो गई है। 
Advertising