पिता ने बेटी के साथ हैवानियत की हदें की पार
punjabkesari.in Thursday, Apr 09, 2015 - 09:17 PM (IST)

पटना : बिहार विधान परिषद में पूर्वी चंपारण जिला में एक सौतेले पिता के एक किशोरी को दो साल तक बंधक बनाकर रखने के साथ उसके साथ कथित दुष्कर्म करने का मामला आज गूंजा। बिहार विधान परिषद में निर्दलीय सदस्य देवेश चंद्र ठाकुर ने एक ध्यानाकर्षण के माध्यम आरोप लगाया कि सीतामढी जिला के डुमरा प्रखंड के रसलपुर गांव निवासी राजीव कुमार सिंह की पत्नी खुशबु उर्फ रीना सिंह का अवैध संबंध पूर्वी चंपारण जिला के ढाका के पेनहारा गांव निवासी मोहम्मद शमीम अख्तर से था।
रीना के राह में रोडा बने उनके पति सिंह की पांच वर्ष पूर्व हत्या कर दी गयी थी। उन्होंने कहा कि सिंह की हत्या के बाद शमीम ने खुशबु से शादी कर ली और उसकी एक पुत्री एवं एक पुत्र को अपने साथ लेकर ढाका चला गया। ठाकुर ने आरोप लगाया कि शमीम ने साजिश के तहत खुशबु से पूरी संपत्ति अपनी पुत्री के नाम कराकर खुशबु की हत्या करा दी तथा उसके बाद से उसका पुत्र भी लापता है। उन्होंने कहा कि शमीम ने खुशबु की पुत्री को दो वर्ष तक अपने घर में बंधक बनाकर रखा तथा उसे नशीला इंजेक्शन देकर जबरन अवैध संबंध स्थापित करता रहा, जबकि शमीम का पूर्व में ही विवाह ढाका थाना के खैरवा गांव में हो चुका था।
देवेश चंद्र ठाकुर ने कहा कि पुलिस ने जब एक वाहन चोरी के मामले में शमीम के घर पर छापेमारी की तो उसे खुशबु की पुत्री को वहां बंधक बनाए जाने के बारे में पता चला जिसके बाद उक्त किशोरी को पुलिस ने बरामद कर किया। उन्होंने कहा कि इस अमानवीय घटना के कारण जनता में काफी रोष व्याप्त है। ठाकुर द्वारा लाए गए ध्यानाकर्षण को भाजपा सदस्यों ने प्रदेश में विधि व्यवस्था में गिरावट का आरोप लगाते हुए शमीम के खिलाफ हत्या का आरोप दर्ज किए जाने के साथ इस मामले में पुलिस द्वारा अब तक की गयी कार्रवाई से सदन को सूचित किए जाने की मांग की। ठाकुर के ध्यानाकर्षण का जवाब देते हुए जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने भाजपा के प्रदेश में विधि व्यवस्था के आरोप को खारिज करते हुए बताया कि उक्त किशोरी के साथ दुष्कर्म न केवल उसके सौतेले पिता ने किया बल्कि उसके अन्य सहयोगियों द्वारा भी किया गया।
उन्होंने कहा कि सरकार इसे जघन्य अपराध मानते हुए इस मामले में समुचित कार्रवाई किए जाने के साथ उक्त किशोरी को हर तरह की सुरक्षा प्रदान करेगी। चौधरी ने बताया कि मामले की जांच जारी है। जांच पूरी होने पर इस मामले का स्पीडी ट्रायल कराया जाएगा और आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। भाजपा सदस्यों ने कहा कि उक्त किशोरी का इलाज कराए जाने पर उसकी स्थिति में सुधार आया है और उसने अब सरकार से उसे पुनर्वासित किए जाने की गुहार लगाई है।