Watch Video: लड़की छेड़ी तो पुलिसवालों ने बीच सड़क पर दी ऐसी सजा, देखते रहे सभी

Thursday, Apr 02, 2015 - 03:55 PM (IST)

यमुनानगर: हरियाणा में आए दिन लड़कियों से छेड़छाड़ और दुष्कर्म की घटनाओं के बारे में हम पढ़ते रहते हैं। लड़कियों से इस तरह की हरकत से जहां उनके परिजन परेशान होना पड़ता है वहीं पुलिस और प्रशासन को भी इस संबंधी जवाबदेही देनी पड़ती है। इस बार पुलिस ने मनचले युवकों को अपने ही तरीके से सजा देने की सोची।

यमुनानगर पुलिस ने लड़कियों को तंग कर रहे युवकों को बीच राह अनोखी सजा दी जिसे सभी राहगीर देखते ही रह गए। थानेदार ने तीन लड़कों को लड़की को तंग करने की सजा कान पकड़ कर बैठक लगाने की सुनाई और बाद में उनको रिहा कर दिया। यह वाकया शहर के सबसे व्यस्त चौक प्यारा चौक के पास हुआ।

दरअसल प्यारा चौक के पास लड़कियों का एक कॉलेज है और लड़कियों की सुरक्षा के लिए वहां पर पुलिस कर्मचारी पीसीआर लेकर आते-जाते रहते हैं। कई दिन पूर्व कार सवार तीन युवक लड़कियों का पीछा कर उनको तंग कर रहे थे। इसी दौरान एक थानेदार ने युवकों को ये हरकत करते देख लिया और उनको वहीं पर रोक लिया। फिर क्या था लड़कियों को वहां से भेज दिया गया और लड़कों से पुलिस कर्मचारी ने पहले तो पूछताछ की, मगर लड़के पुलिस कर्मचारी पर ही अकड़ गए।

ये देख वहां खड़े और पुलिस कर्मचारी आ गए और युवकों की कार के कागजात चेक होने लगे। दस्तावेज पूरे नहीं होने पर चालान कर दिया गया और तीनों लड़कों को सड़क के बीच में खड़े होकर कान पकड़कर बैठक लगाने को कहा। इस दौरान हर कोई लड़कों को ऐसा करते देखकर हैरान था, बाद में लोगों को पता चला कि लड़कियों को तंग करने पर उनको ऐसी सजा दी गई है।

सजा खत्म होने पर लड़के अपनी कार में बैठ वहां से झट से निकल गए। वहीं दूसरी ओर एडवोकेट वरयाम सिंह का कहना है कि इस तरह की सजा देने पर पुलिस कर्मचारी पर पद प्रतिष्ठा कानून की अवहेलना का केस बनता है। कानून में कहीं पर भी इस तरह की सजा देने का प्रावधान नहीं है। सजा का अधिकार केवल कोर्ट को है।

डीएसपी मदन लाल कंबोज का कहना है कि लड़कियों ने लड़कों के खिलाफ कोई शिकायत नहीं दी होगी। इसलिए पुलिस कर्मचारी ने उनको गलती का अहसास करवाया होगा। कर्मचारी ने कुछ भी गलत नहीं किया।
वहीं जब पुलिस लड़कों को सजा दे रही थी किसी ने उनका वीडियो बना लिया और व्हाट्सप्प पर वो वायरल हो गया।

Advertising