‘गोरी चमड़ी’ के कारण सोनिया कांग्रेस अध्यक्ष बनीं

Thursday, Apr 02, 2015 - 04:03 AM (IST)

नई दिल्ली: केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ अभद्र और नस्लभेदी टिप्पणी की जिससे कांग्रेस भड़क उठी और उसने मांग की कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस मंत्री को अपने मंत्रिमंडल से बर्खास्त करें। बयान पर विवाद बढ़ते देख गिरिराज ने अपनी टिप्पणी पर माफी मांग ली है।

गिरिराज ने एक प्रैस कांफ्रैंस में कहा कि गोरी चमड़ी होने के कारण सोनिया कांग्रेस अध्यक्ष बन गई हैं। गिरिराज ने यह बयान राजीव गांधी की शादी पर कटाक्ष करते हुए दिया। उन्होंने कहा कि इस शादी को कोई मंजूर नहीं करता। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि अगर वह गोरी चमड़ी की न होतीं तो क्या कांग्रेस सोनिया को अपना अध्यक्ष स्वीकार करती? उन्होंने आगे कहा कि राजीव ने अगर नाइजीरिया की महिला से शादी की होती तो क्या कांग्रेस उसे अपना नेता स्वीकार करती? गिरिराज ने राहुल गांधी पर निशाना साधा और कहा कि जिस तरह से मलेशिया के लापता विमान का आज तक पता नहीं चला उसी तरह से राहुल कहां गायब हैं किसी को मालूम नहीं।
कांग्रेस ने गिरिराज पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि यह पागलपन है। 
 
कांग्रेस ने प्रधानमंत्री से गिरिराज को मंत्री पद से बर्खास्त करने और राष्ट्र से माफी मांगने को कहा। उन्होंने मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से इस संबंध में स्पष्टीकरण देने को कहा। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुर्जेवाला ने कहा कि मोदी के मंत्रियों और भाजपा के सांसदों के बीच बेशर्मी की हदें तोडऩे की होड़ लगी है। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि सोनिया जी के खिलाफ रंगभेदी टिप्पणी शर्मनाक है। इससे मोदी सरकार की प्रतिष्ठा कम होगी। ऐसा लगता है कि गिरिराज अपना संतुलन खो बैठे हैं। गिरिराज ने सोनिया पर की टिप्पणी पर कहा कि अगर मेरे बयान से सोनिया और राहुल सहित किसी को भी दुख पहुंचा है तो मैं इसके लिए माफी मांगता हूं। 
 
शाह की गिरिराज को फटकार, सोच-समझ कर दो बयान
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ नस्लभेदी टिप्पणी कर विवाद में फंसे गिरिराज सिंह को भाजपा नेतृत्व ने फटकार लगाई और कहा कि ऐसी अभद्र भाषा का इस्तेमाल न किया जाए।  भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने टैलीफोन पर गिरिराज से बात कर उनको सोच-समझकर बयान देने का निर्देश दिया क्योंकि ऐसे बयान देने से पार्टी की छवि धूमिल होती है। 
Advertising