षड्यंत्र की राजनीति कर रहे हैं केजरीवाल: भाजपा

Tuesday, Mar 31, 2015 - 05:08 PM (IST)

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी ने आज आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर अपने राजनीतिक मंसूबों को हासिल करने के लिए साजिश रचने का आरोप लगाया। आप के पूर्व विधायक राजेश गर्ग ने आरोप लगाया है कि उन्हीं की पार्टी के सदस्यों ने भारतीय जनता पार्टी के नाम पर अपने विधायकों को फोन किए थे ताकि खरीद फरोख्त के झूठे आरोप मढ़े जा सकें। 

उन्होंने कहा कि केजरीवाल की शह पर पार्टी के सदस्यों ने भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन गडकरी और अरुण जेटली के नाम पर फर्जी कॉल करके विधायकों को समर्थन के बदले पैसे की पेशकश की थी। भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘साफ है कि दिल्ली में केजरीवाल अपने मंसूबों को हासिल करने के लिए षड्यंत्र की राजनीति कर रहे हैं। दिल्ली के लोगों ने आप को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी थी और पार्टी को इस तरह की हरकतों के बजाय जनता की बेहतरी के लिए काम करना चाहिए।’

इस बीच,भाजपा के राष्ट्रीय सचिव श्रीकांत शर्मा ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री नैतिकता और ईमानदारी की बात करते थे। उन्हें इन आरोपों पर सफाई देनी चाहिए। उधर, आप का कहना है कि गर्ग पार्टी के खिलाफ काम कर रहे थे क्योंकि उन्हें इस साल हुए विधानसभा चुनावों में टिकट नहीं दिया गया था। पार्टी नेता नवीन जय हिंद ने कहा, ‘गर्ग इसलिए गुस्सा हैं क्योंकि उन्हें टिकट नहीं दिया गया। वह पार्टी के खिलाफ काम कर रहे हैं।’

Advertising