कश्मीर में फिर आई बाढ़, घरों में फंसे कई लोग, Alert घोषित (देखें-तस्वीरे)

Monday, Mar 30, 2015 - 05:23 AM (IST)

श्रीनगर: कश्मीर में लगातार हो रही बारिश के कारण जेहलम नदीं में बाढ़ आ गई है। श्रीनगर सहित घाटी के कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। लोगों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया है। वहीं जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम स्थापित कर दिए हैं। जिला प्रशासन ने 12वीं कक्षा और विश्वविद्यालय की परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं।  

जानकारी के अनुसार घाटी में शनिवार शाम से हो रही लगातार बारिश के कारण रविवार शाम को बाढ़ ने एक भयानक रूप धारण कर लिया। जिसकी वजह से कई जगहों पर मकान गिर गए हैं और श्रीनगर सहित प्रमुख स्थान जलमग्न हो गए हैं। उधर, बाढ़ के खतरे को देखकर श्रीनगर में पुलिस ने एक स्पैशल कंट्रोल रूम बनाया है। इसी बीच जेहलम नदी में पानी का स्तर खतरे के निशान की तरफ तेजी से बढ़ रहा है। जिस कारण वहा रह रहे लोगों को अलर्ट कर दिया गया है। 

उधर, बारिश की वजह से दक्षिण और उत्तर कश्मीर में पानी का स्तर बढऩे से कई इलाकों में सड़क संपर्क टूट गया है। कुलगाम को काजीकुंड से जोडऩे वाला पुल ढह गया। शोपियां जिले के नीवा तथा पास के क्षेत्रों में नदी में पानी के तेज प्रवाह से कई पुल ढह गए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार बारिश की वजह से भूस्खलन से 18 रिहायशी मकान सहित 44 ढांचे क्षतिग्रस्त हो गए। बडग़ाम में 2 दर्जन से ज्यादा परिवारों को पुलिस ने समय रहते सुरक्षित बचा लिया। वहीं पुलवामा जिले में बाढ़ में फंसे 247 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। 

वहीं जेहलम नदीं का जलस्तर 16 फीट नोट किया गया है। और  संगम, अनंतनाग में 19.70 फीट जलस्तर, आरएम बाग, श्री नगर 16.50 फीट जलस्तर, बांदीपुरा में 9.83 फुट जलस्तर नोट किया गया है। 

Advertising