भाई-बहन को बचाने कूदी बहन और ...

Thursday, Mar 26, 2015 - 06:25 AM (IST)

सिरसा(भारद्वाज): गांव जोधकां में 15 साल की प्रियंका की जोहड़ में डूबने से मौत हो गई। जोधकां में काशी के 3 बच्चे प्रियंका(15), अनिल(8) और रवीना (10 )शाम को जोहड़ के पास खेल रहे थे। इसी दौरान ये तीनों बेरी के पेड़ के पास पहुंच गए। यहां जब बेर तोड़ रहे थे तो एकाएक अनिल का पैर फिसल गया और वह जोहड़ में गिर पड़ा।

उसे देखकर रवीना भी घबरा गई और वह भी जोहड़ में जा गिरी। अपने दोनों बहन-भाई को जोहड़ में गिरे देख प्रियंका भी जोहड़ में उतर गई। मगर प्रियंका का पैर ऐसी जगह धंस गया कि वह सीधे ही जोहड़ के अंदर धंसती चली गई। इन दोनों बच्चों ने चिल्लाना शुरू कर दिया। एक मजदूर ने देखा तो वह तुरंत जोहड़ में गया और इन दोनों बच्चों को बाहर निकाल लाया।

मगर पानी के अंदर जाने के कारण ये बच्चे बेहोश से हो गए थे। बच्चों को घर ले जाया गया। करीब 15 मिनट बाद होश आया तो अनिल ने कहा कि प्रियंका भी तो वहीं जोहड़ में है वे कहां है? इस पर सभी के हाथ-पांव फूल गए और तुरंत जोहड़ के पास पहुंचे और कूद कर प्रियंका की तलाश की गई। तलाश के बाद प्रियंका की लाश ही मिली।

Advertising