स्वाइन फ्लू से मरने वालों की संख्या 1,198 हुई

Thursday, Mar 05, 2015 - 02:37 AM (IST)

नई दिल्ली(प.स.): स्वाइन फ्लू से 40 और मरीजों की मौत के साथ ही देश में इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 1,198 हो गई जबकि इस बीमारी के मामलों की संख्या 22,000 को पार कर गई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि 3 मार्च तक विभिन्न राज्यों में इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 1,198 हो गई जबकि एच1एन1 की चपेट में 22,240 लोग हैं। आज के आंकड़े के अनुसार गुजरात में 292 लोग इस बीमारी के चलते अपनी जान गंवा बैठे जबकि उसकी चपेट में 4,904 लोग हैं।

राजस्थान में स्वाइन फ्लू से मरने वालों की संख्या 286 हो गई जबकि 5,782 लोग उससे संक्रमित हैं। मध्य प्रदेश में इस बीमारी की वजह से मरने वालों की संख्या 168 हो गई जबकि उसके 1,131 मामले हैं। महाराष्ट्र में इस बीमारी ने 170 लोगों की जिंदगी  छीन  ली  जबकि उसके प्रभावितों की संख्या 2,005 है।

इसी प्रकार तेलंगाना और पंजाब में इस रोग से क्रमश: 59 और 47 व्यक्ति अपनी जान गंवा बैठे। दिल्ली में कुल 10 व्यक्तियों की मौत हो चुकी है। यहां इस रोग की चपेट में आए लोगों की संख्या 3,220 हो गई। हरियाणा में इस बीमारी से अब तक 24 लोग मर गए जबकि जम्मू-कश्मीर में अब तक 10 लोगों की जान जा चुकी है।

Advertising