World Record: फरीदाबाद में लहराया देश का सबसे ऊंचा तिरंगा

Wednesday, Mar 04, 2015 - 11:09 AM (IST)

फरीदाबाद (सूरजमल): हरियाणा के नाम वैसे तो बहुत से रिकॉर्ड दर्ज है लेकिन अब हरियाणा के नाम एक और रिकार्ड दर्ज हो गया है और वो है देश के सबसे ऊंचे तिरंगे का। आज हरियाणा के फरीदाबाद में नव-चेतना ट्रस्ट नैशनल डिफैंस डे के अवसर पर सेक्टर 12 स्थित हुडा टाऊन पार्क में देश का सबसे ऊंचा तिरंगा फहराया गया।

लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड में नाम हुआ दर्ज
इस तिरंगे की ऊंचाई कुतुब मीनार (238 फुट) से भी ऊंची है।  इस तिरंगे की ऊचाई 250 फुट है और वजन 48 किलो है। देस के सबसे ऊंचे झंडे के लिए फरीदाबाद का नाम अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर दर्ज हो गया है।

ये बने गवाह
फरीदाबाद में ध्वजारोहण के समय देश के दिग्गज नेता व जानी-मानी हस्तियां इकट्ठी हुईं। देश के सबसे ऊंचे तिरंगे का ध्वजारोहण भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, भाजपा प्रदेश प्रभारी अनिल जैन और बॉलीवुड के सुपरस्टार रणबीर कपूर ने किया।

इस समारोह में इन जानी-मानी हस्तियों के साथ पैट्रोलियम एवं नैचुरल गैस राज्य मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, महावीर चक्र अवार्डी ब्रिगेडियर कुलदीप सिंह चांदपुरी और फरीदाबाद के विधायक व फरीदाबाद नवचेतना ट्रस्ट के चेयरमैन विपुल गोयल भी मौजूद रहे।

खट्टर बोले
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि यह हरियाणा के लोगों के लिए गर्व की बात है कि वे इस गौरवशाली लम्हें के गवाह बने हैं। उन्होंने कहा कि 96*64 फुट आकार व देश के सबसे ऊंचे झण्डे का फहराया जाना हमारे लिए गर्व की बात है और इसे लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड में दर्ज कर लिया गया है। खट्टर ने कहा कि तिरंगे के इस रूप ने हम सभी के दिल में देशभक्ति के भाव को और भी गहरा कर दिया है। राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर इस तिरंगे का फहराया जाना देश की एकता अखण्डता और देशभाव के साथ-साथ विकास को भी प्रदर्शित कर रहा है। उन्होंने कहा कि इससे हम सर्वश्रेष्ठ भारत निर्माण के लिए अग्रसर है।

 
 
 
Advertising