मैट्रो से फरीदाबाद पहुंचे मुख्यमंत्री खट्टर

Wednesday, Mar 04, 2015 - 07:43 AM (IST)

नई दिल्ली: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने आज दिल्ली मैट्रो की सवारी की। मुख्यमंत्री सुबह करीब 9 बजे केंद्रीय सचिवालय स्थित मैट्रो स्टेशन पर पहुंचे। करीब पौने घंटे के इस सफर में मुख्यमंत्री मैट्रो में आम लोगों के बीच ही सफर करते हुए बदरपुर तक पहुंचे। मैट्रो में भीड़-भाड़ होने के कारण तय सफर के करीब आधे रास्ते तक मुख्यमंत्री ने खड़े होकर ही सफर किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कोई पहला मौका नहीं है जब मैं मैट्रों में सफर कर रहा हूं।

दिल्ली में जब शाहदरा से रिठाला के बीच मैट्रों शुरू हुई तभी से मैट्रो में सफर करता रहा हूं, जितना सामूहिक साधनों से चलेंगे उतना अच्छा रहता है। सरकार की ओर से खर्च कम करने के लिए की जा रही कवायद के प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आवश्यकता के मुताबिक चीजों का प्रयोग किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि फरीदाबाद से बल्लभगढ़ व गुडग़ांव से सोहना होते हुए धारूहेड़ा तक मैट्रो का विस्तार होगा। बहादुरगढ़ में मैट्रो का कार्य प्रगति पर है कोंडली बार्डर तक मैट्रो ले जाने की तैयारी है। ये फेस पूरे होने के बाद जरूरत के अनुसार प्रदेश में अन्य हिस्से में मैट्रो का विस्तार किया जाएगा।

Advertising