जींस-टॉप पहनने पर किया कमेंट,निगला जहर

Tuesday, Mar 03, 2015 - 07:19 AM (IST)

हिसार: गांव मुकलान में फेयरवैल पार्टी में अध्यापिका द्वारा जींस-टॉप पहनने पर कटाक्ष करने पर एक छात्रा ने क्षुब्ध होकर जहर का सेवन कर लिया। छात्रा को तबीयत बिगडऩे पर आजाद नगर के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां पर उसकी हालत खतरे से बाहर है। गांव मुकलान के सीनियर सैकेंडरी स्कूल में 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों की विदाई पार्टी चल रही थी। इस पार्टी में सीनियर विद्यार्थी शामिल थे और सभी अपनी पसंद के कपड़े पहन कर आए हुए थे लेकिन एक छात्रा के पार्टी में जींस-टॉप पहनकर आना वहां मौजूद अध्यापिका को अच्छा नहीं लगा।

अध्यापिका ने छात्रा पर अन्य सीनियर विद्यार्थियों के बीच में कटाक्ष कर उसे पार्टी से बाहर निकाल दिया। साथ ही सख्त हिदायत दी कि जब तक वह घर से कपड़े बदल कर नहीं आती उसे इस विदाई पार्टी में शामिल नहीं किया जाएगा। इस बात से क्षुब्ध छात्रा अपने घर पर पार्टी में शामिल हुए बिना चली गई। उसने घर पर परिजनों को स्कूल में कपड़े पहने पर हुए कटाक्ष की जानकारी नहीं दी व कमरे में जाकर लेट गई। परिजनों ने जब कुछ देर बाद संभाला तो वह उल्टियां कर रही थी।

तबीयत ज्यादा बिगडऩे पर उसे तुरंत निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। चिकित्सकों के अनुसार छात्रा की हालत में सुधार है। पुलिस को मामले की जानकारी दे दी है। इस मामले में अध्यापिका के अलावा एक टीचर द्वारा भी छात्रा पर कटाक्ष किए जाने की भी बात सामने आ रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Advertising