प्रियंका गांधी सक्रिय राजनीति में आएंगी

Monday, Mar 02, 2015 - 03:08 AM (IST)

नई दिल्ली (एजैंसियां): बुरे दौर से गुजर रही कांग्रेस को मजबूत बनाने और अपने भाई राहुल गांधी की मदद करने के लिए प्रियंका गांधी वाड्रा शीघ्र ही पार्टी में सक्रिय भूमिका निभाने वाली हैं। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस में बड़ा बदलाव होने वाला है। राहुल को कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने पर प्रियंका को पार्टी में महासचिव पद सौंपा जा सकता है।

सूत्रों के अनुसार कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने सोनिया गांधी को सलाह दी है कि अगर राहुल को पार्टी अध्यक्ष बनाया जाता है तो प्रियंका को महासचिव बनाया जाए। इससे पार्टी मजबूत होगी।

सूत्रों ने यह भी कहा कि प्रियंका अब सक्रिय राजनीति में आने को तैयार हैं। अगर प्रियंका सक्रिय राजनीति में आती हैं तो उन्हें पार्टी का चेहरा भी बनाया जा सकता है। कांग्रेस कार्यालय के गलियारों में यह भी चर्चा गर्म है कि प्रियंका 2019 में अमेठी से लोकसभा का चुनाव लड़ सकती हैं।

सूत्रों ने कहा कि राहुल गांधी पिछले 3-4 महीनों से प्रियंका को पार्टी में लाने का समर्थन कर रहे हैं। राहुल की छुट्टी को लेकर तरह-तरह की आई खबरों से गांधी परिवार भी परेशान है। इससे पार्टी की नकारात्मक छवि बन रही है।

सूत्रों का कहना है कि राहुल 1 अप्रैल से पहले अखिल भारतीय कांग्रेस समिति की बैठक से पहले ही कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में परिवर्तन कर सकते हैं। कई लोगों को उनके पदों से हटाया जा सकता है। राहुल की टीम में कई नए चेहरों को जगह मिल सकती है। नए राष्ट्रीय महासचिव की दौड़ में पी.सी. चाको सबसे आगे हैं। फिलहाल राहुल को अध्यक्ष बनने से बड़े नेता रोक रहे हैं मगर पार्टी के अधिकांश नेता चाहते हैं कि राहुल को पार्टी की बागडोर सौंपी जाए और सोनिया संरक्षक बनें।

उधर प्रियंका के दफ्तर से आए बयान के मुताबिक प्रियंका कांग्रेस पार्टी में कोई पद नहीं संभालेंगी।

Advertising