प्रेम कुमार धूमल ने अपने ही कार्यकर्ताओं को दी कड़ी चेतावनी

Friday, Feb 06, 2015 - 03:56 PM (IST)

शिमला: पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कार्यकर्ताओं की निष्क्रियता पर जमकर क्लास लगाई। इतना ही नही उन्होंने कार्यकर्ताओं को पद से हटाने की चेतावनी तक दे डाली।

प्रेम कुमार धूमल ऊना के बंगाणा विश्राम गृह में कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के 116 पोलिंग बूथों के प्रधान, बूथ पालक व बीएलए की मंडल बैठक में पहुंचे थे। इस मंडल की बैठक में लोगों की 50 फीसदी उपस्थिति न देखकर वह अपने जिला, मंडल व बूथ पदाधिकारियों को दो टूक संदेश दे डाला। उन्होंने कहा कि अगर मंडल की बैठक में इन सबकी हाजिरी पचास प्रतिशत नहीं है तो काम कहां पूरे होंगे।

इस दौरान उन्होंने कहा कि इस मंडल के लिए चुने गए लोग ही नहीं पहुंचे तो बूथ में बैठकर क्या करेंगे। इस बूथ को और सुदृढ़ व सशक्त करने की जरूरत है। अगर हम बूथ जीतते हैं तभी चुनाव जीत सकते हैं। धूमल ने इस बैठक में मौजूद जिलास्तरीय, मंडल स्तरीय तथा बूथ स्तरीय सभी पदाधिकरियों को निर्देश दिए हैं कि अगर उनके द्वारा भाजपा के सौ-सौ सदस्य नहीं बनाए गए तो उनकी पदवी नहीं रहेगी। पार्टी के पद लेटर पैड या विजिटिंग कार्ड बनाने के लिए नहीं हैं। अगर सही से काम नही किया गया तो पद भी नही दिया जाएगा।

आपको बता दें कि भाजपा नए सिरे से अपनी सदस्यता अभियान को लेकर गंभीर है और इस अभियान में कार्यकर्ताओं से लेकर नेता तक कसौटी पर हैं। धूमल की कड़ी फटकार के बाद कार्यकत्र्ताओं के बीच गुफ्तगू भी सुनने को मिली।

वहीं इससे पहले कुटलैहड़ भाजपा ने धूमल की अगुवाई में प्रदेश कांग्रेस के खिलाफ बंगाणा में एक रोष रैली निकाली। यह रैली 29 जनवरी को शिमला में भाजपा कार्यालय के बाहर पार्टी कार्यकर्ताओं से युकां की ओर से की गई खूनी झड़प के विरोध में निकाली गई।

Advertising