शर्मनाक: सरेआम महिला को पिटते देखती रही पुलिस

Sunday, Feb 01, 2015 - 05:38 PM (IST)

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के महोबा शहर में पुलिस का शर्मनाक चेहरा सामने आया। जानकारी के मुताबिक, एक युवक ने मामूली सी बात पर महिला को पुलिस चौकी के सामने बुरी तरह पीटा और उसके कपड़े तक फाड़ दिए, लेकिन पुलिस चौकी के अंदर से तमाशा देखती रही और महिला को बचाने का प्रयास कर नहीं किया।

महिला ने बचाव की गुहार लगाई लेकिन सिपाही बाहर निकलकर नहीं आए। महिला को पिटता देख लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने एकजुट होकर किसी तरह महिला को आरोपी व्यक्ति से बचाया। इसी बीच मौका पाकर युवक फरार हो गया। हद तो तब हुई जब बेसुध महिला करीब आधा घंटा तक चौकी के सामने पड़ी रही और किसी ने उसे अस्पताल तक नहीं पहुंचाया। इसके बाद गुस्साएं लोगों ने हंगामा किया तो सिपाही चौकी से भाग निकले। 

लोगों ने एंबुलेंस और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी, तो एसआई संजीव कुमार पाल और रामसनेही दोहरे ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच के आदेश देते हुए कहा कि महिला को मारने वाले शख्स को और लापरवाह पुलिसकर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा। 

Advertising