खुशखबरी: कम हुए गैर सब्सिडी वाले सिलेंडर के दाम

Saturday, Jan 31, 2015 - 11:25 PM (IST)

नई दिल्ली: अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमतों में आई गिरावट से रसोई गैस के गैर सब्सिडी वाले सिलेंडर में 104 रूपए की भारी कमी हुई है और अब यह दिल्ली में 605 रूपए का मिलेगा। नई कीमतें आज मध्य रात्रि से लागू हो गई है।
 
तेल विपणन क्षेत्र की अग्रणी कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड की तरफ से प्राप्त जानकारी के अनुसार राजधानी में गैर सब्सिडी वाला गैस सिलेंडर पहले के 708.50 रूपए की तुलना में 103.50 रूपए घटकर 605 रूपये का मिलेगा। पिछले साल अगस्त से इसकी कीमत में लगातार आठवीं बार गिरावट दर्ज की गई है। जनवरी 2014 की तुलना में यह आधी से भी कम कीमत का रह गया है। पिछले साल जनवरी में इसका दाम 1241 रूपए था। इस प्रकार एक साल के दौरान इसके दाम 636 रूपए कम हुए हैं।
 
सरकार रसोई गैस उपभोक्ता को एक वित्त वर्ष के दौरान 14.2 किलोग्राम वाले 12 सिलेंडर अथवा पांच किलोग्राम वाले 34 सिलेंडर सब्सिडी दर पर देती है। दिल्ली में 14.2 किलोग्राम के सब्सिडी सिलेंडर का दाम 417 रूपए है। वित्त वर्ष के दौरान 12 से अधिक सिलेंडर खरीदने पर उपभोक्ता को इसे बाजार दर पर खरीदना होता है। 
 
Advertising