जनता की आंखों में एकाध बार ही धूल झोंकी जा सकती है बार-बार नहीं: मोदी

Saturday, Jan 31, 2015 - 09:19 PM (IST)

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आम आदमी पार्टी पर कड़ा प्रहार करते हुए आज कहा कि इस पार्टी ने बड़े-बड़े वादे कर दिल्ली की जनता की आंखों में धूल झोंकी और ''पीठ पर छुरा घोंपने'' का काम किया और अब फिर लोगों को भ्रमित करने में लगी हुई है। मोदी ने पूर्वी दिल्ली के कडकडडूमा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी की एक चुनाव रैली को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी का नाम लिए बिना कहा कि पिछले एक साल से कुछ लोगों की वजह से दिल्ली और बर्बाद हुई है। उन्होंने दिल्ली की जनता के सपनों को चूर-चूर किया। लोगों ने जिन सपनों के लिए मतदान किया था उन्होंने ही उनकी पीठ पर छुरा घोंप दिया। 

उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा और कहा कि उसके 15 वर्षों के शासन में उसने दिल्ली को बर्बाद किया है। प्रधानमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे सरकार चलाने के अनुभव वाली भारतीय जनता पार्टी को दो तिहाई बहुमत देकर दिल्ली को स्थिर सराकर दें। प्रधानमंत्री ने जनता से बड़ी-बड़ी बातें करने वालों का ट्रैक रिकार्ड देखते हुए इस बार के चुनाव में उन्हें सबक सिखाने का आह्वान किया। उनका कहना था कि यह पार्टी लोकसभा चुनाव में जमानत जब्त करने का विश्व रिकार्ड बनाने के बावजूद लोगों को फिर भ्रमित कर रही है।

उन्होंने कहा कि जनता की आंखों में एकाध बार ही धूल झोंकी जा सकती है बार-बार धूल झोंककर कोई सफलता हासिल नहीं कर सकता। आप के कई चीजें मुफ्त में उपलब्ध कराने के चुनावी वादों के संदर्भ में उन्होंने एक कहानी सुनाई जिसमें एक रिक्शा चालक लोगों को मुफ्त में ले जाने का वादा कर उतरते समय उनसे पैसा वसूल करता है। 
 
 आप पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि गरीबों की सेवा केवल नारेबाजी ने नहीं होती है बल्कि एक के बाद एक कदम उठाने और सफलतापूर्वक समय सीमा के भीतर इन्हें लागू करने से होती है ताकि गरीबों को लाभ प्राप्त हो सके। केंद्र में भाजपा सरकार को गरीबों के लिए और गरीबों को समर्पित करार देते हुए उन्होंने कहा कि जब देश की आजादी के 75 वर्ष पूरे होंगे तब 2022 तक गरीबों को पक्का मकान मुहैया कराने का उनका इरादा है। मोदी ने कहा कि देश के गरीबों को सम्मान के साथ अवसर मिलना चाहिए और इसकी शुरूआत दिल्ली से करना चाहते हैं...यमुनाजी दिल्ली की शान बन सकती हैं लेकिन आज इनकी क्या हालत है...हम इसे बदलना चाहते हैं।
 
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘मैंने ठान लिया है, मुझे इसके लिए आपका आर्शिवाद चाहिए। मुझे दिल्ली के लोगों के जीवन को नई दिशा देनी है, गरीबों का कल्याण एवं यहां नौजवानों को रोजगार प्रदान करना है।’’ उन्होंने कहा कि हमारी 65 प्रतिशत आबादी 35 साल से कम आयु की है। ऐसे युवा देश दुनिया की तस्वीर बदल सकते हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा की भारत यात्रा के बारे में आप की आलोचना का अप्रत्यक्ष जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि अगर ओबामा की यात्रा के संदर्भ में थोड़ी सी चूक हुई होती और यह केवल 26 जनवरी के कार्यक्रम तक की सीमित रहती, तो हमारे विरोधी हमें बदनाम करने में कोइ कोर कसर नहीं छोड़ते।

उन्होंने मतदाताओं से कहा कि जिस तरह से लोगों ने केंद्र में 30 साल बाद पूर्ण बहुमत की भाजपा सरकार बनाई है, उसी तरह से दिल्ली में भी पूर्ण बहुमत की भाजपा सरकार बनाएं। सभा को संबोधित करते हुए भाजपा उपाध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि भाजपा जो कहती है, वह करती है, जबकि कांग्रेस सरकार का शासन घोटालों से भरा रहा और आम आदमी पार्टी ने अपनी बातों से हमेशा पीछे हटने का काम किया। 
Advertising