पाक ने भारतीय चौकियों और गांवों में पूरी रात दागे मोर्टार

Saturday, Jan 31, 2015 - 05:36 AM (IST)

जम्मू : पाकिस्तानी रेंजर्स ने जम्मू जिले में अंतर्राष्ट्रीय सीमा से लगी भारतीय चौकियों जोरा फार्म, नवांपिंड, जुगनू चक, खोड़ा, पिंडी, पित्तल, चिनाज, विक्रमन, साई, निकोवाल, जबोवाल और गांवों पर रातभर गोलीबारी की तथा मोर्टार के गोले दागे,जिसका सीमा सुरक्षा बल (बी.एस. एफ.) ने कड़ा जवाब दिया। 

एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि पाकिस्तानी रेंजर्स ने अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर जम्मू जिले के अर्निया और आर.एस. पुरा उप-सैक्टरों में असैन्य क्षेत्रों और सीमा चौकियों पर रात भर गोलीबारी की तथा मोर्टार के गोले दागे जिसके चलते कई गांवों में घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं जबकि बिश्नाह में 3 लोग घायल हो गए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं सीमावर्ती क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। गोलीबारी सुबह बंद हुई है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती लोगों का कोई पलायन नहीं हुआ है। हम स्थिति पर कड़ी निगाह रखे हुए हैं। वहीं लोगों ने अपने घरों में लाइटें बंद कर अंधेरा कर दिया और बंकरों में शरण ले ली थी। 
 
सनद रहे कि पिछले एक हफ्ते से अधिक समय में पाकिस्तानी रेंजर्स संघर्ष विराम का आधा दर्जन बार उल्लंघन कर चुके हैं। 27 जनवरी को पाकिस्तान रेंजर्स ने जम्मू जिले के अर्निया उप-सैक्टर स्थित सीमा चौकियों पर गोलीबारी की थी। 25 जनवरी को पाकिस्तान रेंजर्स ने अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर जम्मू जिले की जुगनू चक चौकी पर गोलीबारी की थी। बी.एस.एफ. ने 21 जनवरी को अर्निया उप-सैक्टर में घुसपैठ के प्रयास को विफल किया था। 20 जनवरी को पाकिस्तानी रेंजर्स ने जम्मू जिले में सीमा चौकियों पर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था।
Advertising