किरन के खिलाफ दायर अर्जी पर पुलिस को नोटिस

Saturday, Jan 31, 2015 - 05:43 AM (IST)

नई दिल्ली : कृष्णा नगर में चुनाव प्रचार के दौरान लाला लाजपत राय की मूर्ति पर भाजपा का सैफरोन डालने के मामले में भाजपा की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार किरन बेदी के खिलाफ एक अर्जी दायर कर केस दर्ज करने की मांग की गई है। इस अर्जी पर सुनवाई करते हुए कड़कडड़ूमा कोर्ट स्थित महानगर दंडाधिकारी सोनू अग्निहोत्री ने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। 

अदालत ने पुलिस से जानकारी मांगी है कि बेदी के खिलाफ शिकायत मिलने पर उन्होंने क्या किया है और केस क्या दर्ज नहीं किया गया। अब इस मामले की सुनवाई 16 फरवरी को होगी। पेश मामले में कृष्णा नगर निवासी सुरेश खंडेलवाल ने अधिवक्ता हिमल के माध्यम से एक अर्जी अदालत में दायर की है। खंडेलवाल का कहना है कि भाजपा नेता किरण बेदी 21 जनवरी को उनके कृष्णा नगर क्षेत्र में चुनाव प्रचार के लिए आई थीं। यहां पर उन्होंने लाला लाजपत राय चौक पर लगी मूर्ति पर फूल चढ़ाने के बाद उन पर भाजपा के निशान वाला कपड़ा भी डाल दिया जिससे उनकी भावनाएं आहत हुई हैं। लाला लाजपत राय एक महान स्वतंत्रता सेनानी थे। वे किसी एक दल के न होकर पूरे देश के थे। मगर किरण बेदी ने उन पर भगवा वस्त्र डालकर उन्हें किसी एक दल से संबंधित बताने का प्रयास किया। ऐसे में उनके खिलाफ केस दर्ज किया जाना चाहिए।
Advertising