दिल्ली में केन्द्र के साथ तालमेल करने वाली सरकार बने: नायडू

Friday, Jan 30, 2015 - 07:49 PM (IST)

नई दिल्ली: दिल्ली में केन्द्र के साथ तालमेल रखकर काम करने वाली सरकार की जरूरत बताते हुए केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू ने राजधानी के मतदाताओं से 7 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को जिताने की अपील की। भाजपा के दिल्ली कार्यालय में संवाददाताओं से बातचीत में नायडू ने कहा कि दिल्ली का विकास केन्द्र सरकार के साथ जुड़ा हुआ है। दिल्ली का विकास तभी संभव है जब यहां ऐसी सरकार हो जो केन्द्र सरकार से समन्वय के साथ काम करे। उन्होंने कहा कि राजधानी में ऐसे व्यक्ति की आवश्यकता है जो केन्द्र के साथ सहयोग कर शासन चलाए।

उन्होंने कहा कि हाल में महाराष्ट्र, हरियाणा, झारखंड हो या जम्मू-कश्मीर के चुनाव वहां के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सोच के साथ चलने के लिए मतदान किया। मोदी के पास एकता में पिरोकर पूरे देश को एक साथ चलने का विजन है। उनके एजेंडा में सुधारों, विकास और सुशासन पर जोर दिया जा रहा है। नायडू ने राजधानी के तेजी से विकास की जरूरत पर बल देते हुए कहा कि केन्द्र सरकार ने पिछले कुछ माह में इस दिशा में कई कदम उठाये हैं। अनधिकृत कालोनियों को नियमित किया है जिनमें 60 हजार लोग रहते हैं। सीलिंग-तोडफ़ोड़ से राहत देने के लिए इसकी अवधि को बढ़ाया गया है।
 
कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर हमला करते हुए शहरी विकास मंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने दिल्ली को बर्बाद किया और आप धरनों में व्यस्त रही। उन्होंने कहा कि भाजपा को दिल्ली में जिताने की उनकी अपील किसी प्रकार की धमकी नहीं है। ऐसा नहीं है कि यदि भाजपा की दिल्ली में सरकार नहीं बनती है तो केन्द्र राज्य सरकार के साथ सहयोग नहीं करेगा। नायडू ने कहा, दिल्ली के लोगों को विकास की सोच के साथ राजधानी में भाजपा की सरकार बनवाने के लिए वोट करना चाहिए।
Advertising