ताजा सर्वेक्षण: दिल्ली चुनावों में भाजपा को पूर्ण बहुमत मिलने के आसार

Friday, Jan 30, 2015 - 05:27 AM (IST)

नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा चुनावों में भाजपा को 36 सीटें मिलने की संभावना है जो 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए पूर्ण बहुमत है। द वीक आई.एम.आर.बी. की तरफ से जारी ओपिनियन पोल में आम आदमी पार्टी (आप) को 29 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है। वोट प्रतिशत को लेकर दोनों विपक्षी पार्टियों में कड़ी टक्कर बताई गई है और दोनों के बीच केवल 1.56 प्रतिशत मतों का अंतर है। 7 फरवरी को होने वाले चुनावों से करीब 2 हफ्ते पहले कराए गए सर्वेक्षण के मुताबिक भाजपा 39 प्रतिशत मतदाताओं की पसंद है। 

इसने कहा कि कांग्रेस फिर हाशिए पर जाने वाली है और उसे केवल 4 सीटें हासिल होंगी जबकि दिसम्बर, 2013 में हुए चुनावों में उसे 8 सीटें मिली थीं। तब भाजपा और ‘आप’ ने क्रमश: 32 और 28 सीटों पर जीत दर्ज की थी। ‘आप’ के अरविन्द केजरीवाल और भाजपा के मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार किरण बेदी के बीच मुख्यमंत्री पद की सीट के लिए कड़ी टक्कर है। केजरीवाल जहां इस पद के लिए 40 प्रतिशत मतदाताओं की पसंद हैं, वहीं बेदी 39 प्रतिशत मतदाताओं की।
 
सर्वेक्षण में ‘आप’ नेता अरविन्द केजरीवाल, बेदी और मनीष सिसौदिया को उनके विधानसभा क्षेत्र क्रमश: नई दिल्ली, कृष्णानगर और पटपडग़ंज में स्पष्ट बढ़त दी गई है। सर्वेक्षण में बताया गया है कि कांग्रेस की तरफ से चुनावों का जिम्मा संभाल रहे अजय माकन सदर बाजार विधानसभा क्षेत्र में भाजपा और ‘आप’ दोनों से पीछे चल रहे हैं और केवल 11 प्रतिशत मतदाताओं की पसंद हैं।
Advertising