राजनीति से प्रेरित नहीं है विदेश सचिव को हटाने का फैसला: भाजपा

Thursday, Jan 29, 2015 - 03:05 PM (IST)

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी ने विदेश सचिव सुजाता सिंह को हटाए जाने के फैसले का बचाव करते हुए आज कहा कि यह सरकार का अधिकार है और इसे राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए। पार्टी के प्रवक्ता नलिन कोहली ने कहा, ''मुझे इसमें हायतौबा मचाने की कोई वजह नजर नहीं आती है। सरकार के पास अधिकारियों की नियुक्ति का अधिकार है। ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। पहले की सरकारें भी इस तरह के फैसले करती रही है। यह फैसला किसी राजनीति से प्रेरित नहीं है।''

उल्लेखनीय है कि सरकार ने विदेश सचिव सुजाता सिंह को उनका कार्यकाल समाप्त होने से आठ महीने पहले ही कल हटा दिया। उनकी 
जगह अमेरिका में भारतीय राजदूत एस जयशंकर को नया विदेश सचिव नियुक्त किया गया है। कांग्रेस ने सरकार के इस फैसले पर सवाल 
उठाए हैं। लेकिन कोहली ने कहा कि कांग्रेस के प्रवक्ता किसी भी मुद्दे को राजनीतिक रंग दे सकते हैं। वे ऐसे मुद्दों पर भी राजनीति करते हैं जहां इसके लिए कोई जगह नहीं होती है।
Advertising