दिल्ली चुनाव: केजरीवाल और किरण बेदी में कड़ी टक्कर

Thursday, Jan 29, 2015 - 05:52 PM (IST)

नई दिल्ली: सात फरवरी के दिल्ली चुनावों की तैयारी पूरे जोरों पर है। इन चुनावों में आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल और बीजेपी की सीएम पद की उम्मीदवार किरण बेदी के बीच कड़ी टक्कर मानी जा रही है। एक अंग्रेजी समाचार पत्र द्धारा करवाए गए ताजा सर्वे में भी केजरीवाल और बेदी में कांटे की टक्कर बताई जा रही है। 

दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ रहे 693 उम्मीदवार 1.3 करोड़ लोगों को रिझाने के लिए अपनी पूरी ताकत लगाने में जुटे हुए है। अंग्रेजी अखबार ने यह सर्वे दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों की जनता से किया। इस सर्वे में 7, 147 लोगों को शामिल किया गया, जिनसे कुछ सवालों के जरिए दिल्ली के सीएम पद के रूप में उनके पसंदीदा कैंडिडेंट और किस पार्टी की तरफ उनके अधिक रूझान को जानने की कोशिश की गई। 

सर्वे में पाया गया कि 43 प्रतिशत लोग केजरीवाल को पसंद करते है, जबकि 39 प्रतिशत लोगों का रूझान किरण बेदी की तरफ है। इनमें कांग्रेस के अजय माकन को 12 प्रतिशत जबकि अन्य को 6 प्रतिशत लोगों ने अपना मत दिया। इन आंकड़ो के आधार पर यह माना जा सकता है कि हालांकि केजरीवाल दिल्लीवालों की पहली पसंद है, लेकिन ऐसा नहीं है कि वे किरण बेदी को पसंद नहीं करते। इसलिए यह कहना गलत नहीं होगा कि बेदी इन आंकड़ों का फासला कम कर सकती है।

Advertising