अब मोदी बनाएंगे एक और World Record!

Wednesday, Jan 28, 2015 - 07:33 PM (IST)

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कम समय में अधिकतम बैंक खाते खोले जाने का रिकार्ड बनाने के बाद एक और रिकार्ड बनाने की तैयारी में है। मोदी ने एनसीसी कैडटों का आज आहवान किया कि 21 जून को देश भर में एक ही समय योग करके एक नया विश्व रिकार्ड बनाएं। उल्लेखनीय है कि मोदी की पहल पर संयुक्त राष्ट्र ने पिछले महीने 21 जून को ‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस’ घोषित किया है।  
 
उन्होंने यहां एनसीसी कैडटों को संबोधित करते हुए योग सहित विभिन्न विषयों पर अपनी बात रखी। मोदी ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र द्वारा भारत की प्राचीन पद्धति योग के प्रचार प्रसार के लिए 21 जून को ‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस’ घोषित किया जाना गौरव की बात है।  योग को सीमाआें, आयु या भाषा तक सीमित नहीं बताते हुए उन्होंने कहा कि यह भारत में शुरू हुआ, इसलिए हमारे देश की यह विशेष जिम्मेदारी है कि हम दुनिया को ‘‘सही योग’’ से अवगत कराएं।  
 
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘मैं देश भर के एनसीसी कैडटों का आहवान करता हूं कि वे इस बारे में अभी से योजना बनाना शुरू कर दें। 21 जून को हर कोई एक ही समय में देश भर में योग करे। इसमें इतनी अधिक संया में लोग शामिल हों कि सभी विश्व रिकार्ड टूट जाएं। हम अभी से तैयारी करें, हम इन कैडटों के जरिए मजबूत और प्रेरणादायक संदेश दे सकते हैं।’’  एनसीसी कैडटों से उन्होंने देश में स्वच्छता का अभियान भी आगे बढ़ाने को कहा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता की जागरूकता फैलाना अपने आप में देश सेवा है।  उन्होंने कहा कि उनका ‘स्वच्छ भारत मिशन’ ना तो कोई कार्यक्रम है और ना कोई घटना, बल्कि यह ‘‘लोगों की मानसिकता बदलने का एक प्रयास है।’’ 
 
 एनसीसी और उसके शिविरोंे के महत्व को रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि ये विविधता में एकता के सर्वोत्म उदाहरण हैं। ये लघु भारत को दर्शाते है और लोगों की सोच के दायरे को व्यापक बनाते हैं। 
Advertising