परमाणु करार पर प्रशासनिक इंतजाम मोदी के लिए जीत

Monday, Jan 26, 2015 - 09:34 PM (IST)

वाशिंगटन: भारत को आपूर्ति की जाने वाली परमाणु सामग्री के इस्तेमाल की निगरानी के लिए अमेरिकी अधिकारियों को दी जाने वाली इजाजत की शर्त को हटाने में राष्ट्रपति बराक ओबामा द्वारा अपनी कार्यकारी शक्तियों का इस्तेमाल किया जाना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी टीम के लिए एक बड़ी सफलता है। एक विशेषज्ञ ने यह दावा किया है।

वाशिंगटन आधारित परमाणु नीति विशेषज्ञ विजय के. सजवाल ने एक समाचार एजेंसी को बताया, ‘‘प्रशासनिक इंतजाम से निपटने का मुद्दा भारत के लिए एक स्वागतयोग्य खबर होनी चाहिए। यदि यह सच है तो यह मोदी की टीम के लिए एक बड़ी जीत है, जिसकी पूरी तरह से उम्मीद नहीं थी। ऐसी सहमति अमेरिका के लिए एक नजीर स्थापित करती है।’’  
 
ओबामा प्रशासन में दो साल के लिए असैन्य परमाणु व्यापार सलाहकारी समिति में रह चुके सजवाल ने कहा कि प्रशासनिक इंतजाम को अमेरिकी कांग्रेस का विश्वास हासिल नहीं है इसलिए वहां चिंता की बात नहीं है। गौरतलब है कि वह असैन्य परमाणु करार से जुड़ी वार्ताओं में शामिल रहे हैं और उन्होंने अमेरिकी असैन्य और रक्षा परमाणु कार्यक्रमों में भाग लिया था। उन्होंने कहा कि क्या भारत ऐसा ही करार रूस और फ्रांस से करता है, यह देखा जाना बाकी है लेकिन ऐसा होने की संभावना है।
Advertising