बेदी को बताया तानाशाह, जलाया पुतला

Sunday, Jan 25, 2015 - 05:17 AM (IST)

नई दिल्ली (ई.): दिल्ली में 27 वर्ष पूर्व की घटना से आहत हुए भाजपा, आर.एस.एस., ‘आप’ और कांग्रेस से संबंध रखने वाले वकील संगठित हो गए और उन सभी ने भाजपा के मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार किरण बेदी के खिलाफ 30 हजारी अदालत परिसर में प्रदर्शन किया। आल दिल्ली डिस्ट्रिक्ट कोर्ट बार एसोसिएशन को-आर्डीनेशन कमेटी ने बेदी की उम्मीदवारी का विरोध करने के लिए प्रदर्शन करने को कहा।

इसका मुख्य कारण 1988 में हुई उस घटना को लेकर है जब किरण बेदी ने डी.सी.पी. (उत्तर) के पद पर रहते हुए हड़ताल पर बैठे वकीलों पर लाठीचार्ज करने का आदेश दिया था। जेल परिसर के सैंट्रल हाल में बेदी को तानाशाह बताते हुए मुर्दाबाद के नारे लगाए गए। वकीलों ने बेदी के पुतले को जूते मारने के बाद जलाया। लगातार हो रही बूंदाबांदी से भी प्रदर्शनकारियों का उत्साह कम न हुआ।

Advertising